आज दो घंटे के लिए बंद रहेगी 108 एंबुलेंस
इंप्लाइज एसोसिएशन 108 पंजाब ने वेतन न मिलने के विरोध में शुक्रवार सुबह नौ बजे से 11 बजे तक पूरे पंजाब में 108 एंबुलेंस को बंद रखने का एलान किया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि वह दो घंटे तक किसी भी मरीज को अपनी सेवाएं नहीं देंगे। पंजाब में कुल 240 एक सौ आठ एंबुलेंस हैं, जबकि लुधियाना में तीस एंबुलेंस चल रही है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : इंप्लाइज एसोसिएशन 108 पंजाब ने वेतन न मिलने के विरोध में शुक्रवार सुबह नौ बजे से 11 बजे तक पूरे पंजाब में 108 एंबुलेंस को बंद रखने का एलान किया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि वह दो घंटे तक किसी भी मरीज को अपनी सेवाएं नहीं देंगे। पंजाब में कुल 240 एक सौ आठ एंबुलेंस हैं, जबकि लुधियाना में तीस एंबुलेंस चल रही है।
वीरवार को मीटिंग के बाद एसोसिएशन के चेयरमैन विक्रमजीत सिंह सैनी व प्रधान गुरप्रीत सिंह गुरी ने कहा कि उन्हें फरवरी, मार्च व अप्रैल का वेतन नहीं मिला। आठ घंटे की जगह बारह घंटे काम लिया जा रहा है। पिछले चार साल में कोई इंक्रीमेंट नहीं मिला। एंबुलेंस की मेनटेनेंस नहीं करवाई जा रही है। इन तमाम समस्याओं के बाबत कई बार मांग पत्र दिया जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि दो घंटे के बंद के बाद भी वेतन जारी नहीं किया गया, तो वे एक जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। एंबुलेंस बंद की, उसके खिलाफ लीगल एक्शन लेंगे : मुखर्जी
उधर, 108 एंबुलेंस के प्रोजेक्ट हेड साइकत मुखर्जीे ने कहा कि सरकार की तरफ से फंड की समस्या आ रही है। केवल 108 एंबुलेंस के ड्राइवरों का वेतन ही नहीं रुका, बल्कि अन्य स्टाफ को भी वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने के कारण पब्लिक सर्विसेज को रोकना उचित नहीं है। पब्लिक सर्विस को एक घंटे के लिए भी बंद नहीं कर सकता। यदि किसी ने भी 108 एंबुलेंस को बंद किया, तो उनपर लीगल एक्शन लिया जाएगा। स्टेट को सूचित कर दिया गया है। इमरजेंसी सर्विसेस बंद नहीं कर सकते: डॉ. सिद्धू
सिविल सर्जन डॉ. परविंदरपाल सिंह सिद्धू ने कहा कि 108 एंबुलेंस इमरजेंसी सर्विस में आती है। इसे बंद नहीं किया जा सकता। एसोसिएशन की मांगों के बारे सरकार को सूचित कर दिया गया है। उम्मीद है कि सुबह नौ बजे से पहले कोई समाधान निकल जाएगा और हड़ताल रद हो जाएगी। फिर भी विभाग ने एहतियातन सभी स्वास्थ्य केंद्रों के लिए सरकारी एंबुलेंस का इंतजाम कर लिया गया है। जिससे कि मरीजों को परेशानी न आए।