किसानों के दिल्ली चलो आंदोलन में शामिल होगी लिप: बैंस
लोक इंसाफ पार्टी (लिप) ने किसानों के दिल्ली चलो आंदोलन को समर्थन करने का एलान किया है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : लोक इंसाफ पार्टी (लिप) ने किसानों के दिल्ली चलो आंदोलन को समर्थन करने का एलान किया है। 26 और 27 नवंबर को दिल्ली कूच करने में शामिल होने की बात कहते हुए पार्टी के अध्यक्ष विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने कहा कि बड़ी संख्या में लिप वर्कर किसानों का झंडा उठाकर दिल्ली पहुंचेंगे।
कोटमंगल सिंह स्थित मुख्य कार्यालय में यह जानकारी देते हुए बैंस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। आजादी से पहले पड़ोसी राज्य पंजाब को पानी का बिल चुकाते थे, लेकिन 1955 से यह पानी दिल्ली, राजस्थान को निश्शुल्क भेजा जाने लगा। बाद में इस कतार में हरियाणा भी शामिल हो गया। अब किसान विरोधी कानून बनाकर दूसरा प्रहार किया गया है। बैंस ने कहा लोक इंसाफ पार्टी शुरू से ही किसानों के हक की आवाज उठा रही है। इस दौरान विधायक बलविदर सिंह बैंस, बलदेव सिंह, गगनदीप सिंह, गुरजोध सिंह गिल, हरजाप सिंह गिल, जगजोत सिंह खालसा मौजूद रहे।