बच्चों को दी श्री राम की तरह आज्ञाकारी पुत्र बनने की सीख
सेंट महाप्रज्ञा स्कूल में स्कूल निर्देशक विशाल जैन की अगुवाई में वर्चुअल दशहरा पर्व उत्साह के साथ मनाया गया।
संस, जगराओं : सेंट महाप्रज्ञा स्कूल में स्कूल निर्देशक विशाल जैन की अगुवाई में वर्चुअल दशहरा पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान बच्चों को रावण का पुतला बनाना, मास्क बनाना, धनुष बनाना, और लंका दहन का चित्रण वीडियो के माध्यम से दिखाया गया।
बच्चों को पीपीटी के माध्यम से भारत के विभिन्न राज्यों में दशहरा विभिन्न प्रकार से मनाने संबंधी जानकारी दी गई। इस मौके श्लोक के माध्यम से दुर्गा पूजा के महत्व को समझाया गया। जिसमें नारी सशक्तिकरण अर्थपूर्ण दिखाया गया। इसके लिए बच्चों को रामायण के माध्यम से उदाहरण दिए गए। विशाल जैन ने कहा कि हमें भगवान श्रीराम जी के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके जैसे आज्ञाकारी पुत्र और कर्तव्यनिष्ठ बनना चाहिए। माता सीता की तरह जीवन में हर परिस्थिति का धैर्य पूर्ण सामना करना चाहिए और लक्ष्मण की तरह अपनी सुख-सुविधाओं का त्याग करते हुए परिवार और रिश्तों को अहम स्थान देना चाहिए। उन्होने कहा कि भले ही रावण महा ज्ञानी थे लेकिन शक्तियों के कारण उनमें अहंकार उत्पन्न हो गया। इसलिए हमें कभी भी अपनी शक्ति का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए क्योंकि अहंकार ही विनाश का कारण बनता है। स्कूल निर्देशक विशाल जैन ने सभी को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दी।