राशन न मिलने से गुस्साए 500 श्रमिक सड़क पर उतरे, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
करीब 500 लोगों के सड़क पर आने की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। श्रमिक करीब एक घंटे तक प्रदर्शन करते रहे।
लुधियाना, जेएनएन। मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर श्रमिकों के जुटने का मामला ठंडा ही नहीं हुआ था कि बुधवार को लुधियाना के शेरपुर में भी बड़ी संख्या में श्रमिक सड़क पर उतर आए। कर्फ्यू के दौरान खाना व राशन ना मिलने से गुस्साए सैकड़ों श्रमिक परिवार समेत सड़क पर उतर कर पार्षद व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। करीब 500 लोगों के सड़क पर आने की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। श्रमिक करीब एक घंटे तक प्रदर्शन करते रहे।
पुलिस अफसरों ने श्रमिक नेताओं के साथ बैठक कर मामले को शांत किया और उन्हें घर भेजा, लेकिन शाम होते होते श्रमिक फिर से एकत्रित होकर सड़क पर पहुंच गए। पुलिस को दोबारा मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाना पड़ा। इस पूरी घटना ने पुलिस व प्रशासन की कारगुजारी पर सवालिया निशान लगा दिया है। श्रमिकों ने सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक शेरपुर में राशन व खाना न मिलने पर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि उन्होंने पार्षद राजू अरोड़ा से राशन के लिए गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। बार-बार कहने के बाद भी जब उन्हें राशन नहीं मिला तो उन्हें प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा। विधायक बलविंदर बैंस ने भी उनकी सुध नहीं ली।
श्रमिकों के साथ प्रदर्शन करने पहुंची राज कुमारी, रीता मंडल, गीता वर्मा, पूनम गुप्ता का कहना है कि पार्षद को अपनी समस्या बताई थी, लेकिन पार्षद ने उन्हें न तो राशन दिया और ना ही खाने की व्यवस्था करवाई। यह भी आरोप लगाया कि पार्षद ने अपने चहेतों को राशन बांट दिया। हालांकि इस दौरान मोती नगर थाना प्रभारी वरुणजीत सिंह ने प्रदर्शनकारियों की बैठक उच्च अधिकारियों के साथ करवाने का भरोसा देकर उन्हें वापस भेज दिया। देर शाम पांच बजे श्रमिक फिर से सड़क पर आ गए, तब पुलिस ने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या के लिए प्रशासन पूरी योजना तैयार कर चुका है और उन्हें जल्दी ही राशन उपलब्ध करवाया करवाया जाएगा।
जहां से फोन आता है, वहां राशन पहुंचा रहे: पार्षद अरोड़ा
पार्षद राजू अरोड़ा का कहना है कि सरकार की तरफ से चार क्विंटल आटा, चार क्विंटल चावल व 90 किलो दाल आई है। इतने बड़े वार्ड में यह राशन सभी को बांटना मुश्किल था। उनके पास जहां से फोन आ रहे हैं, वहां राशन पहुंचाया जा रहा है। एडीसीपी ने की श्रमिकों के साथ बैठक शेरपुर में प्रदर्शन के बाद एडीसीपी चार अजिंदर सिंह ने कम्युनिटी सेंटर में पूर्वांचल संगठनों के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में श्रमिकों को आ रही मुश्किलों तथा उनके समाधान पर विचार किया गया।