पढ़ाई में होनहार और माता-पिता का इकलौता बेटा था सड़क हादसे का शिकार कांत ढींगरा
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर ग्राम सरफाबाद के पास सड़क हादसे का शिकार हुआ कांत ढींगरा (22) अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
जासं, लुधियाना : ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर यूपी के बागपत सिथत ग्राम सरफाबाद के पास सड़क हादसे का शिकार हुआ कांत ढींगरा (22) अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी मौत से अधेड़ दंपती पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गमजदा माता-पिता अपने बेटे का शव लेने के लिए रवाना हो चुके थे। मंगलवार को हैबोवाल के रघुबीर पार्क स्थित उनके आवास पर ताला लटक रहा। इलाके में रहने वाले लोग उस होनहार बच्चे की मौत का समाचार सुनकर स्तब्ध थे। आस पड़ोस के लोगों से भी बात की तो सभी ने यही कहा कि कांत पढ़ाई-लिखाई में बहुत होशियार था और उन्हें उसकी मौत पर विश्वास ही नहीं हो रहा है। कांत का परिवार धर्म-कर्म में बहुत विश्वास रखता है।
अगले साल पूरी होने वाली थी डिग्री
ताया कस्तूरी लाल ने बताया कि कांत ग्रेटर नोएडा में स्थित शारदा यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज में तृतीय वर्ष का स्टूडेंट था। अगले साल उसकी डिग्री पूरी होने वाली थी। उसके पिता कृष्ण ढींगरा पेशे से सीए हैं। वह श्री दंडी स्वामी महाराज में अटूट आस्था रखते हैं। हर रोज वहां होने वाली आरती में शामिल होने के बाद ही वो घर लौटते और कुछ खाते हैं।
हादसे की खबर सबसे पहले बुअा काे मिली
मंगलवार को कांत और उसके दोस्त की कार के हादसे की खबर सबसे पहले उसकी सुंदर नगर निवासी बुआ को मिली। तब कांत के मोबाइल फोन से किसी ने फोन करके उन्हें उस हादसे के बारे में बताया। उधर से बात करने वाले ने यही कहा कि कार का एक्सीडेंट हो गया है। इसमें कांत और उसके दोस्त घायल हो गए हैं। मगर बाद में जब कांत के पिता कृष्ण ढींगरा की बागपत के थाना चांदी नगर पुलिस से बात हुई तब उन्हें बेटे के निधन का समाचार मिला।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप