लुधियाना के मनजीत विहार में महिला को स्प्रे से किया बेहोश, लाखों के जेवर लूट ले गईं 2 महिलाएं
सलेम टाबरी के मनजीत विहार इलाके में रहने वाली महिला को स्प्रे से बेहोश करके घरेलू काम करने के लिए रखी दो महिलाएं लाखों रुपये कीमत वाले सोने के जेवर चोरी करके ले गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जासं, लुधियाना। सलेम टाबरी के मनजीत विहार इलाके में रहने वाली महिला को स्प्रे से बेहोश करके घरेलू काम करने के लिए रखी दो महिलाएं लाखों रुपये कीमत वाले सोने के जेवर चोरी करके ले गईं। हाेश में आने के बाद महिला को चोरी होने का पता चला। सूचना मिलने पर पहुंची थाना सलेम टाबरी पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने के बाद दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
एसआइ तमन्ना देवी ने बताया कि उक्त केस मनजीत विहार की गली नंबर 2 निवासी प्रभदीप कौर की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि उसके पति अमरप्रीत सिंह दुबई में रहते हैं। 6 जनवरी के दिन वह अपने घर में बेटी समेत मौजूद थी। उसकी बेटी अपने कमरे में आनलाइन क्लास लगा रही थी। दोपहर करीब 12.17 बजे उसकी पड़ोसन रूपा ने उसके घरेलू काम के लिए दो महिलाओं को उनके घर भेजा। वह उस समय खाना बनाने की तैयारी कर रही थी।
काम कर रही महिलाओं में से एक ने पीछे से आकर उस पर कोई स्प्रे कर दिया। जिसके 5 मिनट बाद उसकी आंखें बंद होने लगी। घबराकर वह बेड पर लेट गई। उसके बाद बेहाेश हो गई। शाम करीब 4 बजे उसकी आंख खुली तो उसने देखा कि किचन में रखी सोने की दो अंगूठियां तथा अलमारी के लाकर में रखे 8 तोला सोने के जेवर चोरी हो चुके थे। तमन्ना देवी ने बताया कि पीड़ित महिला के घर में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, मगर खराब होने के कारण उनमें से कुछ नहीं मिला। आरोपित महिलाओं का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। गाैरतलब है कि शहर में इस तरह की वारदातें लगातार बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें-कैबिनेट मंत्री कोटली के किए सत्ता विरोधी लहर से पार पाना होगा चुनौती, हैट्रिक के लिए करनी होगी मशक्कत