लुधियाना बस स्टैंड पर कच्चे कर्मचारियों की हड़ताल, 10 से 12 बजे तक मुश्किल में फंसे रहे यात्री
पक्का किए जाने की मांग कर रहे मुलाजिमों ने बुधवार सुबह 10 से 12 बजे तक हड़ताल की। इस दौरान बसें नहीं चलने से यात्री परेशान रहे। लुधियाना बस स्टैंड पर सैकड़ों यात्री जगह-जगह जाने को भटकते रहे।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन के तहत बुधवार सुबह 10 से 12 बजे तक मुलाजिमों ने हड़ताल की। इस दौरान बसें नहीं चलने से यात्री परेशान रहे। लुधियाना बस स्टैंड पर सैकड़ों यात्री जगह-जगह जाने को भटकते रहे। विरोध कर रहे कच्चे मुलाजिमों ने सभी बसों को रोककर यात्री को उनमें चढ़ने नहीं दिया। बसों के पहिये थमने से यात्री परेशान रहे।
बस स्टैंड पर चमकौर सिंह, बलजिंदर सिंह, सतनाम सिंह, ओंकार सिंह ने कहा कि आम आदमी आंदोलन और धरना प्रदर्शन से आजिज आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि आए दिन कभी किसान, कभी व्यापारी तो कभी मुलाजिम हड़ताल करते रहते हैं। इससे सिस्टम खराब होता है और लोग परेशानी में पड़े रहते हैं। शोभा रानी, सिमरनजीत कौर, मलकीत कौर, विनीता रानी ने कहा कि वे लोग भाई को राखी बांधने मायके गए थे। अब उन्हें होशियारपुर जाना है लेकिन यहां बस स्टैंड पर पहुंचने पर पता चला कि मुलाजिमों की हड़ताल के कारण बसें नहीं रवाना हो रही हैं। विरोध कर रहे मुलाजिम कुछ सुनने को तैयार नहीं हैं। इससे आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मांग पूरी होने तक रोजाना 10 से 12 हड़ताल
इस मौके पर कांट्रेक्ट बस मुलाजिम के यूनियन प्रधान सतनाम सिंह दिलीप सिंह, अमरिंदर सिंह ने कहा कि जब तक उन लोगों की मांगें पूरी नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। रोजाना वे लोग 10 से 12 बजे तक हड़ताल करेंगे ही। उन्होंने कहा कि 6 सितंबर से संघर्ष को तेज किया जाएगा और सरकार के खिलाफ नई मुहिम के तहत आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस मौके पर सोनू सिंह बलकार सिंह अवतार सिंह हंसराज प्रदीप कुमार विमल कुमार शमशेर सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें - लंदन के बाद एयर इंडिया की Amritsar-Birmingham डायरेक्ट फ्लाइट 3 सितंबर से शुरू, दिसंबर 2020 से थी बंद