मोदी की जीत पर बोले उद्यमी, स्थिर सरकार से ही ग्रोथ करेगा कारोबार
लोकसभा चुनाव के नतीजों में एनडीए को मिली भारी जीत के बाद उद्योग जगत भी गदगद है। उद्यमियों का मानना है कि केंद्र में स्थिर सरकार बनने के बाद स्थिर कारोबार होगा।
लुधियाना, [राजीव शर्मा]। लोकसभा चुनाव के नतीजों में एनडीए को मिली भारी जीत के बाद उद्योग जगत भी गदगद है। उद्यमियों का मानना है कि केंद्र में स्थिर सरकार बनने के बाद स्थिर कारोबार होगा। अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, मैन्युफेक्चरिंग बेस बढ़ेगा। निर्यात में इजाफा होगा। देश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आने की गति तेज होगी। सरकार तेजी एवं मजबूती से फैसले लेगी और उद्योग जगत नई राह पर चलते हुए बुलंदियों को छुएगा। साथ ही सरकार उद्योगों की बाधाओं को दूर करते हुए इंडस्ट्री फ्रेंडली माहौल देगी। ये विचार महानगर के उद्यमियों ने रखे।
सरकार बिना दबाव के ले सकेगी फैसले: राहुल आहूजा
कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज में पंजाब स्टेट काउंसिल के वाइस चेयरमैन राहुल आहूजा का कहना है कि चुनाव के दौरान भाजपा को बहुमत मिला है। ऐसे में अब सरकार बिना किसी दबाव के देश को आगे बढ़ाने के फैसले ले पाएगी। एनडीए के पिछले कार्यकाल में शुरू किए सुधारों को आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही कारोबार संगठित क्षेत्र में आएगा और इससे कर की दरों में कमी आएगी। देश तरक्की की राह पर अग्रसर होगा।
स्थिर सरकार से कारोबार भी स्थिर होगा: एससी रल्हन
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्टर्स आर्गेनाइजेशन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एससी रल्हन ने कहा कि स्थिर सरकार से कारोबार स्थिर होगा। इसके संकेत भी मिलने शुरू हो गए हैं। आज शेयर बाजार चालीस हजार के स्तर को पार कर गया। उन्होंने कहा कि ईज ऑफ डुईंग बिजनेस और बेहतर होगा। सरकार के सुधार जारी रहेंगे। दूसरे प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में इजाफा होगा। देश के सकल घरेलू उत्पादन में इजाफा होगा।
केंद्र सरकार से इंडस्ट्री फ्रेंडली नीतियां बनाए: उपकार आहूजा
चैंबर ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कॉमर्शियल अंडरटेकिंग्स के प्रेसिडेंट उपकार सिंह आहूजा के अनुसार केंद्र में स्थिर सरकार का लाभ उद्योगों को होगा। सरकार अपनी मर्जी के अनुसार फैसले कर पाएगी। उपकार बोले कि सरकार इंडस्ट्री फ्रेंडली नीतियां बना कर उद्योगों को प्रोत्साहित कर सकती है। इसके अलावा माइक्रो स्मॉल एंड मिडियम एंटरप्राइजेज मंत्रालय को मजबूत करना होगा। ताकि इस क्षेत्र की इकाईयों को नई दिशा दिखाई जा सके।
अर्थव्यवस्था में आएगी बूम, भारत होगा मजबूत: अजीत लाकड़ा
फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल आर्गेनाइजेशन में टेक्सटाइल डिवीजन के हेड अजीत लाकड़ा के अनुसार स्थिर सरकार से अर्थव्यवस्था में बूम आएगा। विश्व में भारत की स्थिति और मजबूत होगी। सरकार का फोकस कृषि एवं उद्योग की ग्रोथ पर होगा। देश में विदेशी निवेश में इजाफा होगा। भारत विश्व में मैन्युफेक्चरिंग का नया हब बनेगा। उन्होंने कहा कि पहले ही अमेरिका की दो सौ से अधिक कंपनियां भारत में निवेश करने की इच्छुक हैं। साफ है कि एनडीए की प्रचंड जीत विकास का नया रास्ता खोलेगी।
सशक्त सरकार से उद्योगों के लिए बेहतर नीतियां बनेंगी: रजनीश आहूजा
अपैक्स चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के सेक्रेटरी रजनीश आहूजा के अनुसार केंद्र में सशक्त सरकार का फायदा समाज के हर वर्ग को होगा। खास कर उद्योगों के लिए बेहतर नीतियां बनेंगी। उद्योगों को लेवल प्लेइंग फील्ड मुहैया कराने का मार्ग सरकार साफ करेगी। संगठित क्षेत्र और मजबूत होगा। दूसरे विदेशों का भारत में विश्वास और मजबूत होगा। देश के उद्योग को नई दिशा मिलेगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप