Punjab: पत्नी की हत्या कर किया रिश्तेदार को फोन, कहा- मैंने पत्नी को मार डाला, चरित्र पर करता था शक
पंजाब के लुधियाना में एक व्यक्ति ने पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद पति ने खुद रिश्तेदार को फोन किया और घटना के बारे में बताया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
जेएनएन, लुधियाना। पंजाब के लुधियाना स्थित बस्ती जोधेवाल में पति ने शराब के नशे में पत्नी की चाकू से गोद कर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपित ने उसके पेट, मुंह, गर्दन, बाजू तथा हाथ पर डेढ़ दर्जन से ज्यादा वार किए। उसकी हत्या करने के बाद उसने अपने रिश्तेदार बलवीर सिंह को फोन करके बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है। रिश्तेदारों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने उसे चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज करके पूछताछ की जा रही है। आरोपित अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था।
एसीपी नार्थ गुरबिंदर सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान कैलाश नगर गली नंबर 3 निवासी जसविंदर कौर उर्फ भोली (55) के रूप में हुई। आरोपित उसका पति रमेश कुमार है, जो ड्राइवरी का काम करता था। शराब पीने का आदी रमेश इन दिनों कोई काम धंधा नहीं करता था। उनकी एक शादीशुदा बेटी सुखविंदर कौर है। एक बेटा लक्की दुबई में है, जबकि बड़ा बेटा हैप्पी पिछले 15 दिन से अलग रह रहा है।
हैप्पी किसी फैक्ट्री में नौकरी करता है। रमेश हमेशा अपनी पत्नी के चाल चलन पर शक किया करता था। जिसके चलते दोनों के बीच अकसर लड़ाई झगड़ा होता था। शराब पीकर वो अकसर उसके साथ मारपीट किया करता था। पहले हैप्पी उनके साथ ही रहता था। मगर 15 दिन पहले उसने भोली और हैप्पी दोनों की पिटाई कर दी। उस दिन से वो अपने किसी दोस्त के घर में रह रहा था।
वीरवार दोपहर 3.30 बजे हैप्पी को पड़ाेसियों ने फोन करके कहा कि वो जल्दी से अपने घर पहुंचे। उसके पिता ने उसकी मां की हत्या कर दी है। पता चलते ही वो घर की ओर भागा। वहां पहुंचकर देखा तो सारे घर में खून ही खून बिखरा पड़ा था। घर के अंदर उसकी मां का लहूलुहान शव पड़ा था। पास ही उसका पिता बैठा हुआ था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया हुआ था। गुरबिंदर सिंह ने बताया कि आरोपित ने बड़ी बेरहमी के साथ अपनी पत्नी की जान ली। शराब के नशे में उसने तेजधार चाकू से उसके पेट, गर्दन, बाजू, मुंह तथा हाथ पर डेढ़ दर्जन से ज्यादा वार किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।