पंजाब की 109 वर्षीय भगवान कौर विशेष वाहन में जाएंगी वोट डालने, जीवन में 100 बार कर चुकी हैं मतदान
Punjab Assembly Election 2022 गांव मल्ला की 109 वर्षीय भगवान कौर अपने जीवन में 100 बार अलग-अलग स्तर के चुनावों में वोट दे चुकी हैं। हर बार पोलिंग स्टेशन पर जाकर वोट दिया है। इसीलिए उन्होंने इस बार भी पोलिंग स्टेशन पर जाने की इच्छा जताई।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब की सबसे बुजुर्ग मतदाताओं में से एक जगराओं की भगवान कौर ने बैलट पेपर से मतदान करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने पोलिंस स्टेशन जाकर मतदान की इच्छा जताई तो प्रशासन ने आगे बढ़कर विशेष इंतजाम करने की हामी भर दी। जगराओं विधानसभा क्षेत्र के मल्ला गांव की 109 वर्षीय भगवान कौर अब पोलिंग स्टेशन पर जाकर मतदान करेंगी। उनकी इच्छा पूरी करने के लिए प्रशासन विशेष इंतजाम करेगा। प्रशासन ने फैसला किया है कि भगवान कौर को घर से पोलिंग स्टेशन तक ले जाने के लिए विशेष वाहन की व्यवस्था की जाएगी।
बता दें कि चुनाव आयोग ने भी अधिक से अधिक मतदान करवाने के लिए जिला चुनाव अधिकारियों को विशेष प्रबंध करने के आदेश दिए हैं। जिले में 80 साल से ऊपर के मतदाताओं को पोस्टल बैलट के जरिए मतदान करने की सुविधा दी गई है।
100 बार से ज्यादा मतदान किया, हर बार पोलिंग बूथ पर गईं
सोमवार को एसडीएम जगराओं विकास हीरा भगवान कौर से मिलने गए और उनसे चुनाव के संबंध में बात की। वह जब भगवान कौर से मिलने उनके घर पहुंचे तो वह मंजी पर लेटी हुई थी। भगवान कौर ने उन्हें बताया कि वह करीब 100 बार अलग-अलग स्तर के चुनावों में वोट दे चुकी हैं। हर बार पोलिंग स्टेशन पर जाकर वोट दिया है। इस बार भी उनकी इच्छा है कि पोलिंग बूथ पर ही वोट दूं।
भगवान कौर के जज्बे से सीख लें
एसडीएम ने बताया कि उनके हलके में सबसे उम्र दराज मतदाता हैं। संभवत: जिले में भी वह सबसे उम्र दराज मतदाता होंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें पोलिंग स्टेशन तक पहुंचाने के लिए प्रशासन विशेष व्यवस्था करेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह भगवान कौर के जज्बे से सीख लें और मतदान करने जरूर आएं। उन्होंने कहा कि जगराओं हलके के अन्य वरिष्ठ मतदाताओं को भी पोलिंग स्टेशन तक आने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।