पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बोले- पराली जलाने वाले भी अपने, कितनों पर करें केस
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री ब्रह्म माेहिंदरा ने कहा है कि राज्य में पराली जलाने वाले अपने ही हैं आैर अाखिर कितने लोगों के खिलाफ केस दर्ज करें।
जेएनएन, लुधियाना। पंजाब में किसान धड़ल्ले से पराली जला रहे हैं। दिल्ली में स्मॉग की समस्या के बाद पंजाब के पराली के धुंए पर तो पूरे उत्तर भारत सहित पाकिस्तान में भी चर्चा हो रही। स्मॉग के कारण पंजाब सहित कई अन्य राज्यों में लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। दूसरी ओर, पंजाब सरकार इस पर लगाम लगाने में बेबसी जता रही है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा ने यहां कहा कि पराली जला रहे किसान तो अपने हैं, अाखिर कितनों के खिलाफ केस दर्ज करें।
ब्रह्म मोहिंदरा ने कहा कि जब तक किसानों को पराली जलाने का कोई विकल्प नहीं दिया तब तक वह पराली जलाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली में फैले धुंए के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। दूसरी ओर, उनके पंजाब के नेता सुखपाल सिंह खैहरा खुद पराली जलाकर अपने फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। यही नहीं वह मीडिया के सामने आकर भी कह रहे हैं कि वह पराली जलाएंगे। उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी अपना स्टैंड तय करे।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल अगर इस मुद्दे पर बात करना चाहते हैं तो वह इसे राजनैतिक मुद्दा न बनाएं। सेहतमंत्री ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए सरकारी तौर पर कोई कोर कसर नहीं छोड़ी गई है। सरकार के 11 महकमे इसकी रोकथाम में दिन रात लगे हैं। उन्होंने कहा कि डेंगू का मच्छर साफ पानी में होता है और लोग खुद ही इसके प्रति लापरवाही बरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी टीमें लोगों को घर घर जाकर भी जागरूक कर रही हैं। यहां तक टीमें चालान भी काट रही हैं।