टैगोर नगर में हमला कर बाप-बेटों को किया घायल, घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद
आरोपितों ने दुकानदार और उसके बेटों पर हमला करके उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोगों के जमा होने पर आरोपित जान से मारने की धमकियां देकर फरार हो गए।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : टैगोर नगर इलाके में हथियारों से लैस एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने दिनदहाड़े गुंडागर्दी का नंगा नाच दिखाया। आरोपितों ने दुकानदार और उसके बेटों पर हमला करके उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोगों के जमा होने पर आरोपित जान से मारने की धमकियां देकर फरार हो गए। घटना स्थल के ठीक सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हो गई है। मौके पर पहुंची थाना डिवीजन नंबर आठ की डीएमसी अस्पताल चौकी पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने के बाद फुटेज को कब्जे में ले लिया। इस मामले में टैगौर नगर निवासी कुलविदर सिंह गिल, राजा राम, बजाज और उनके सात अज्ञात साथियों पर केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
हमले में घायल तीनों बाप बेटों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। इनकी पहचान टैगोर नगर निवासी 50 वर्षीय संजय शर्मा, उनका बेटा 22 वर्षीय सत्यम शर्मा और 17 वर्षीय राघव शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में संजय शर्मा ने बताया कि डीएमसी अस्पताल के पास उनकी करियाना की दुकान और एक गेस्ट हाउस है। उसी इलाके में एक अन्य गेस्ट हाउस है।
कुछ समय पहले आरोपित कुलविंदर सिंह गिल ने उनके गेस्ट हाउस में काम करने वाले नौकर को अपने पास काम पर रख लिया। एक हफ्ता पहले उसी बात को लेकर दोनों के बीच तकरार के बाद झगड़ा हुआ था। बाद में उनका आपस में समझौता हो गया। आरोपित उसी बात की रंजिश रखता था। बुधवार दोपहर उसने अपने दर्जन से ज्यादा साथियों के साथ उनके बेटे सत्यम शर्मा पर हमला कर दिया। जब वो और राघव उसे बचाने के लिए बाहर आए तो उन लोगों ने उन्हें भी घेर कर हमला कर दिया। डीएमसी चौकी इंचार्ज सतनाम सिंह भुल्लर ने बताया पर्चा दर्ज करके आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।