हरियाणा पुलिस की लुधियाना के डेहलों में छापेमारी, किराये के मकान में भ्रूण लिंग जांच करते दो गिरफ्तार
हाल ही में फतेहाबाद के सीएमओ डा. मुनीश बांसल को पता चला था कि इन दिनों लुधियाना के डेहलों में एक जगह भ्रूण लिंग जांच की जा रही है। उन्होंने एसएमओ डा. गिरीश की अगुआई में एक टीम बनाई और महिला को भी हायर किया।
लुधियाना, जेएनएन। शहर के डेहलों में किराये के मकान में चल रहे भ्रूण लिंग जांच केंद्र का राजफाश हुआ है। हरियाणा के टोहाना से आई पुलिस मास्टरमाइंड समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है। हालांकि थाना डेहलों प्रभारी सुखदेव सिंह ने ऐसी किसी रेड की पुष्टि नहीं की, लेकिन टोहाना के थाना सदर प्रभारी जय भगवान ने कहा कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। आरोपितों की पहचान टोहाना निवासी राम दिया और डेहलों निवासी बलजीत सिंह के रूप में हुई।
90 हजार रुपये में सौदा तय
हाल ही में फतेहाबाद के सीएमओ डा. मुनीश बांसल को पता चला था कि इन दिनों लुधियाना के डेहलों में एक जगह भ्रूण लिंग जांच की जा रही है। उन्होंने एसएमओ डा. गिरीश की अगुआई में एक टीम बनाई और महिला को भी हायर किया। उक्त महिला ने ग्राहक बनकर राम दिया से लिंग निर्धारण टेस्ट करवाने के लिए संपर्क किया। दोनों के बीच में 90 हजार रुपये में सौदा तय हो गया।
किराये वाले मकान में बनाया था जांच केंद्र
इसके बाद महिला वहां से अपने परिवार के साथ यहां के लिए रवाना हो गई। उसके पीछे स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस अपनी गाड़ियाें में रवाना हुई। यहां महिला बलजीत सिंह के किराये वाले मकान में गई, जहां जांच केंद्र बनाया हुआ था। चेकअप करवाने के बाद महिला ने वाशरूम में जाकर पुलिस को फोन कर दिया और पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।