सिद्धू को हरपाल चीमा ने दिया न्योता, कहा-आप में शामिल होने पर मिलेगा पूरा मान-सम्मान Ludhiana News
आम आदमी पार्टी के विधायक व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने नवजोत सिंह सिद्धू को पार्टी में शामिल होने का न्योता दे दिया।
जेएनएन, लुधियाना। नवजोत सिंह सिद्धू लोकसभा चुनाव के बाद से ही कांग्रेस में हाशिए पर चल रहे हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ उनकी सीधे तौर पर अनबन चल रही है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जब से उनके विभाग में फेरबदल किया है, तब से सिद्धू चुप्पी साधे हुए हैं। यही नहीं अब उनके राजनीतिक भविष्य पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख सिमरजीत सिंह बैंस और पीडीए के प्रमुख सुखपाल सिंह खैहरा सिद्धू को अपनी पार्टी में आने का न्योता दे चुके हैं।
इसी बीच अब आम आदमी पार्टी भी सिद्धू पर डोरे डालने लगी है। शनिवार को लुधियाना पहुंचे आम आदमी पार्टी के विधायक व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने नवजोत सिंह सिद्धू को पार्टी में शामिल होने का न्योता दे दिया। उन्होंने कहा कि सिद्धू को पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। हरपाल चीमा ने कहा कि ईमानदार लोगों के लिए आम आदमी पार्टी के दवारजे हमेशा खुले हैं। हरपाल सिंह चीमा लोकसभा चुनाव में हुई हार पर मंथन करने लुधियाना पहुंचे थे।
अाप के नेताओं ने की बैठक
आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद फिर से संगठन को मजबूत करने पर जोर देगी। संगठन को मजबूत करने के लिए शनिवार को पार्टी के प्रमुख नेताओं ने लुधियाना सर्किट हाउस में बैठक की। बैठक में पहले तो लोकसभा चुनाव में मिली हार के कारणों पर चर्चा की गई। जिसमें यह बात सामने आई कि लुधियाना में पार्टी संगठनात्मक तौर पर कमजोर हो चुकी है। क्योंकि चुनाव के दिन खासकर शहरी क्षेत्राें में तो पार्टी के बूथ भी नहीं लग पाए थे। वहीं दूसरी तरफ ऐन मौके पर जिला प्रधान व यूथ विंग के प्रधान ने पार्टी को अलविदा कह दिया था। जिसके कारण संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह से चरमरा गया।
अब विधानसभा चुनाव पर किया जाएगा फोकस
इस बैठक में फैसला लिया गया कि अब विधानसभा चुनाव पर फोकस किया जाए। इसके लिए सबसे पहले संगठन को मजबूत किया जाए। उसके बाद ही आगे की तैयारी की जाए। हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। जिसमें अलग अलग बिंदुओं पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जल्दी ही लुधियाना शहरी के जिला प्रधान की नियुक्ति की जाएगी और उसके बाद कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी का फोकस विधानसभा चुनाव 2022 पर है।
ईमानदार नेताओं के लिए आप के दरवाजे हमेशा खुले
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जरूर हार मिली है, लेकिन कार्यकर्ताओं का मनोबल अभी भी ऊंचा है और उन्हें उम्मीद है कि आगामी विधानसभा चुनाव तक सभी कार्यकर्ता मिलकर फिर से पार्टी को ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि ईमानदार नेताओं के लिए पार्टी के दरवाजे हमेशा खुले हैं। चीमा ने साफ किया पार्टी तोड़ने वाले सुखपाल खैहरा को किसी भी हाल में पार्टी में जगह नहीं देगी। उन्होंने कहा कि सुखपाल खैहरा के अलावा बाकी सभी नेताओं को पार्टी में वापस लाने की कवायद चल रही है। बैठक में तेजपाल सिंह गिल, सर्बजीत कौर व अन्य नेता भी मौजूद रहे।
निजी कंपनियों के साथ हुए करार खत्म करें कैप्टन
हरपाल चीमा ने कहा कि अकाली भाजपा गठबंधन ने बिजली को लेकर बड़ी-बड़ी निजी कंपनियों के साथ करार किए हैं। कैप्टन ने चुनाव घोषणा पत्र में कहा था कि वह सरकार बनाते ही इन करारों को खत्म कर देगी। लेकिन सरकार ने इन्हें खत्म नहीं किया। उन्होंने सिद्धू से अपील की है कि अगर वह सरकार में बने रहते हैं तो वह बिजली महकमा संभालें और बादल परिवार के किए करारों को खत्म करें। चीमा ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर अब प्रदेश भर में आंदोलन करने जा रही है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप