स्वर्णिम विजय मशाल का लुधियाना मिलिट्री स्टेशन में भव्य स्वागत
एक फरवरी को नई दिल्ली स्थित वज्र कोर से स्वर्णिम विजय मशाल लेकर निकले जवानों का वीरवार को लुधियाना मिलिट्री स्टेशन में भव्य स्वागत किया गया।
जासं, लुधियाना : एक फरवरी को नई दिल्ली स्थित वज्र कोर से स्वर्णिम विजय मशाल लेकर निकले जवानों का वीरवार को लुधियाना मिलिट्री स्टेशन में भव्य स्वागत किया गया। सेना की ओर से वर्ष 2021 को स्वर्णिम विजय वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत विजय दिवस के दिन चार स्वर्णिम विजय मशाल दिल्ली स्थित नेशनल वार मेमोरियल में प्रज्वलित की गयी। इन स्वर्णिम विजय मशालों को 1971 के ऐतिहासिक भारत-पाक युद्ध में भाग लेने वाले योद्धाओं की बहादुरी और शहीदों के सम्मान में देश की चारों दिशाओं में ले जाया जा रहा है।
स्वर्णिम विजय मशाल के लुधियाना मिलिट्री स्टेशन पहुंचने पर ढोलेवाल सैन्य स्टेशन पर स्टेशन कमांडर ने सैन्य सम्मान के साथ मशाल रिसीव की। मशाल लेकर पहुंची टीम के स्वागत में एक रंगारंग कार्यक्रम हुआ। शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और 1971 के वीर योद्धाओं को सम्मानित किया गया।