लुधियाना में संदिग्ध परिस्थितियों में युवती व किशोर लापता, दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
लुधियाना में विभिन्न जगहों से युवती व किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। रिश्तेदारों के यहां तलाश करने पर जब उनका कोई सुराग नहीं लगा ताे मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना में विभिन्न जगहों से युवती व किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। हर संभावित जगह और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने पर जब उनका कोई सुराग नहीं लगा ताे मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। संबंधित थानों की पुलिस ने युवक व अज्ञात लोगों के खिलाफ दो केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है। थाना दुगरी पुलिस ने न्यू शाम नगर निवासी सुनील कुमार की शिकायत पर फाजिलका के फिरोजपुर रोड स्थित गांव तुलसी के वाला निवासी सुखचैन सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 11 नवंबर को वो काम पर गया हुआ था।
शाम को घर वापस पहुंचने पर उसकी भतीजी ने बताया कि दोपहर के समय वहां आया आरोपित ने शिकायतकर्ता की 20 वर्षीय बेटी शीतल को आवाज लगा कर बाहर बुलाया और अपने साथ ले गया। उसे आशंका है कि आरोपित ने उसकी बेटी को अपने निजी स्वार्थ के लिए किसी गुमनाम जगह पर बंधक बना कर रखा हुआ है। उधर, थाना मेहरबान पुलिस ने विशाल नगर निवासी सोहन कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 13 नवंबर को उसका 12 वर्षीय बेटा मनीश कुमार घर से जसपाल कालोनी में पढ़ने के लिए गया था, मगर लौट कर घर वापस नहीं आया। उसे आशंका है कि किसी ने अपने निजी स्वार्थ के लिए उसे अगवा करके बंधक बना रखा है।