केंद्रीय जेल में गैंगवार, आपस में भिड़े कैदी
केंद्रीय जेल में बुधवार दोपहर को कैदियों व विचाराधीन कैदियों के दो गुटों में गैंगवार हो गया। एक-दूसरे पर ईट व पत्थरों से हमला किया गया। थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू किया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : केंद्रीय जेल में बुधवार दोपहर को कैदियों व विचाराधीन कैदियों के दो गुटों में गैंगवार हो गया। एक-दूसरे पर ईट व पत्थरों से हमला किया गया। थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू किया। बताया जा रहा है कि इस घटना में 10 लोग घायल हुए हैं। तीन लोगों अंकित शर्मा, लखन और राजा को जेल अस्पताल में भर्ती किया गया है।
सूत्रों के अनुसार बुधवार दोपहर करीब तीन बजे जेल में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये अदालत में पेशी खत्म हुई। इसके बाद सभी बंदियों को उनकी बैरकों में जाने के लिए कहा गया। इस बीच रास्ते में दो गुटों में टकराव हो गया। देखते ही देखते एक-दूसरे पर ईट व पत्थर फेंकने लगे। कुछ ने हाथ में पहने कड़ों से हमला किया। जेल के अंदर पत्थरबाजी व मारपीट करीब बीस मिनट तक होती रही। एक गुट से कुछ दिन पहले जेल प्रशासन ने नशा पकड़ा था। दूसरे गुट को शक था कि विरोधियों ने उनका नशा पकड़वाया है। बताया जा रहा है कि जेल प्रशासन ने जेल में मारपीट कर माहौल खराब करने का केस दर्ज करवाया है। जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट सतनाम सिंह का कहना है कि दो गुटों में झगड़ा हुआ है। डीएसपी सिक्योरिटी अश्विनी शर्मा मामले की जांच कर रहे हैं। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। दोनों गुट पुलिस की कार्रवाई करवाना नहीं चाहते हैं।