लुधियाना में प्लाट बेचने के नाम पर 1.75 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी, दंपति समेत तीन लोगों पर केस
लुधियाना के माडल हाउस इलाके में प्लाट बेचने का झांसा दे तीन लोगों ने एक व्यक्ति के साथ 1.75 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। थाना पीएयू पुलिस ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के माडल हाउस इलाके में प्लाट बेचने का झांसा दे तीन लोगों ने एक व्यक्ति के साथ 1.75 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। अब थाना पीएयू पुलिस ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। एएसआइ दीदार सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान करनैल सिंह नगर निवासी गुरप्रीत कौर उसके पति सुदर्शन सिंह तथा बीआरएस नगर निवासी बबीता चोपड़ा के रूप में हुई। यह केस दुगरी फेस वन निवासी रौनक सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया।
फरवरी 2021 में पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में उसने बताया कि आरोपितों ने माडल हाउस इलाके में स्थित 243 वर्ग गज के एक प्लाट का उसके साथ सौदा किया था। जिसके एवज में आरोपितों ने उससे 1.75 करोड़ रुपए हासिल कर लिए। मगर उस प्लाट की रजिस्ट्री उसके नाम न करवा कर उसके साथ धोखाधड़ी की। मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने आरोप सही पाए जाने पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करने की सिफारिश कर दी। डीए लीगल की राय लेने के बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
कार की चपेट में आने से साइकिल सवार घायल
हैबोवाल कलां स्थित उपकार नगर पुली के पास बेकाबू हुई तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक मौके पर फरार हो गया। अब थाना हैबोवाल पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। एएसआई टहल सिंह ने बताया कि उक्त केस न्यू कुंदनपुरी की गली नंबर 9 निवासी राजकुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि 23 जनवरी को वह अपने साइकिल पर सवार होकर उपकार नगर की तरफ जा रहा था। उपकार नगर पुल के पास कार चालक ने लापरवाही के साथ उसकी साइकिल को टक्कर मार दी और फरार हो गया।