मिल मालिक से सरसों का तेल मंगाया, चालक को गुमराह कर नहीं किया भुगतान
दो लोगों ने लुधियाना ऑयल मिल मालिक से सरसों का तेल तो मंगवा लिया मगर उसका भुगतान करने की बजाय टेंपो चालक को गुमराह करके फरार हो गए
जेएनएन, लुधियाना। जालंधर के गांव ढकोहा निवासी दो लोगों ने लुधियाना ऑयल मिल मालिक से सरसों का तेल तो मंगवा लिया, मगर उसका भुगतान करने की बजाय टेंपो चालक को गुमराह करके फरार हो गए। अब थाना सलेम टाबरी पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
एएसआइ जिंदर लाल ने बताया कि अारोपितों की पहचान जालंधर के गांव दकोहा निवासी अश्विनी कुमार मेहरा तथा संजीव कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने साउथ सिटी के कॉल्टन वुड एनआरआइ-ब्लाक निवासी राजन गुप्ता की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि जालंधर बाइपास के सिमरन ऑयल मिल के नाम से उसकी फर्म है।
गत 14 फरवरी को उक्त आरोपित उसकी फर्म में सरसों का तेल लेने के लिए अाए। आरोपितों ने सरसों के तेल के 100 कनस्तर भेजने के लिए बंगा (नवांशहर) के गांव कटारिया का एड्रेस दिया। जिस पर राजन गुप्ता ने उक्त तेल को टेंपो में लोड करके ड्राइवर को रवाना कर दिया। गांव कटारिया में माल उतरवाने के बाद अाराेपितों ने ड्राइवर से उनके पीछे आने के लिए कहा। जिस पर ड्राइवर अपने टेंपो पर उनकी कार में पीछे चल पड़ा। उसी दौरान अारोपित उसे गच्चा देकर फरार हो गए। हर जगह तलाश करने पर जब वो नहीं मिले तो ड्राइवर उस जगह वापस पहुंचा। जहां माल उतारा गया था। मगर वहां से माल भी गायब हो चुका था।
जिंदर लाल ने बताया कि शिकायत देरी से मिलने के कारण पर्चा दर्ज करने में देरी हुई। शिकायतकर्ता दो दिन पहले पुलिस के पास आया था। अब आरोपितों पर केस दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है।