मारपीट के चार मामलों में चार जख्मी, महिला समेत 19 पर केस
विभिन्न जगहों पर हुई मारपीट की घटनाओं में 4 लोग घायल हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने अब महिला समेत 19 लोगों पर केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : विभिन्न जगहों पर हुई मारपीट की घटनाओं में 4 लोग घायल हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने अब महिला समेत 19 लोगों पर केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
केस-1
थाना जमालपुर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित हरि करतार कालोनी निवासी विजय कुमार की शिकायत पर गांव ताजपुर बेट निवासी जुपिदर सिंह, इंद्रजीत सिंह तथा उसकी पत्नी कुलदीप कौर के खिलाफ केस दर्ज किया। विजय ने बताया कि ताजपुर चौक में जुपिदर सिंह की दुकानें हैं, जिसे उसने जगजीत सिंह को किराए पर दे रखी हैं। जगजीत सिंह के कहने पर उसने दुकानों में पेंट करवा दिया। इस पर जुपिदर ने उसके साथ झगड़ा किया। बाद में दोनों के बीच राजीनामा हो गया। हालांकि आठ सितंबर को जब वो जगजीत सिंह की दुकान पर गया तो वहां जुपिंदर सिंह, इंद्रजीत सिंह और कुलदीप कौर ने उस पर हमला कर जख्मी कर दिया।
केस-2
थाना छह पुलिस ने मिलरगंज के मुरादपुरा निवासी धनी लाल की शिकायत पर मोहित अरोड़ा, मोनू तथा उनके तीन अज्ञात साथियों पर केस दर्ज किया। धनी लाल ने बताया कि शनिवार को गाड़ी को रास्ता देने की बात पर मोहित व उसके साथियों से उनकी बहस हो गई थी। रात साढ़े दस बजे जब वह बाइक पर घर जा रहा था तो गिल रोड पर मोहित ने उपने साथियों के साथ उस पर हमला कर दिया। घायल करने के बाद वे फरार हो गए।
केस-3
थाना टिब्बा पुलिस ने संधू कालोनी की गली नंबर 10 निवासी योगेश कुमार की शिकायत पर उसी इलाके में रहने वाले दूबे, नितिन, गुड्डू, थाना टिब्बा की सामने वाली गली में रहने वाले मनोज कुमार तथा उनके चार अज्ञात साथियों पर केस दर्ज किया। योगेश ने बताया कि पांच सितंबर को दूबे ने अपना टेंपो बैक करते हुए उसे टक्कर मार दी थी। इसके चलते उसका बैग गटर में जा गिरा था। जब उसने दूबे से इस बात की शिकायत की तो उसने साथियों संग उस पर हमला कर दिया। उसका शोर सुनकर जमा हुए लोगों को देख हमलावर फरार हो गए।
केस-4
थाना डेहलों पुलिस ने गांव शंकर निवासी मनिदरजीत सिंह की शिकायत पर गांव बूल निवासी सोनू, गोलू तथा सन्नी के खिलाफ केस दर्ज किया। मनिंदरजीत ने बताया कि 10 सितंबर को वो गांव साया चौक से दूध लेने जा रहा था। उसी दौरान इन तीनों ने उसे रंजिशन घेर लिया और हमला कर दिया। मारपीट कर घायल करने के बाद ये तीनों फरार हो गए।