लुधियाना में मारपीट कर दंपती समेत चार लोगों को किया घायल, 26 आरोपित पर केस
थाना शिमला पुरी पुलिस ने कबीर नगर गली 22 निवासी रोहित रावत की शिकायत पर लोहारा के पीपल चौक निवासी कुलदीप सिंह डाबा रोड की गली 20 निवासी भीम सिंह व छह अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया।
लुधियाना, जेएनएन। शहर के विभिन्न इलाकों में हुई मारपीट की तीन घटनाओं में दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने 26 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए है। थाना शिमला पुरी पुलिस ने कबीर नगर गली 22 निवासी रोहित रावत की शिकायत पर लोहारा के पीपल चौक निवासी कुलदीप सिंह, डाबा रोड की गली 20 निवासी भीम सिंह व छह अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया। रोहित रावत ने बताया कि उसके दोस्त रुपिंदर सिंह की कुलदीप सिंह के साथ फोन पर तकरार हो गई। जिस पर कुलदीप सिंह ने धमकियां दीं। रुपिंदर के कहने पर राेहित ने कुलदीप से बैठ कर बात खत्म करने के लिए कहा। उसकी बात पर गुस्साए आरोपित ने अपने साथियों समेत मिल कर उस पर किरच से हमला कर घायल कर दिया।
थाना दरेसी पुलिस ने जालंधर बाइपास स्थित नई अनाज मंडी निवासी जसवीर सिंह की शिकायत पर बिल्लू, हैप्पी, अमन, लाली, गगन, लाडी, रछपाल, मुनीश, सुमन, गौरव, आकाश, सप्प तथा विक्की के खिलाफ केस दर्ज किया। जसवीर सिंह ने बताया कि उसकी काराबारा रोड पर फैक्ट्री है। जिस पर लगे मोबाइल टावर का आरोपित विरोध करते हैं। इस रंजिश के चलते आरोपितों ने 12 नवंबर की रात 11 बजे फैक्ट्री में रहने वाले वर्कर इजरायल तथा उसकी पत्नी शबनम पर हमला करके घायल कर दिया। आरोपितों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे तथा बाहर खड़ा मोटरसाइकिल भी तोड़ दिया।
थाना साहनेवाल पुलिस ने ग्यासपुरा के अंबेडकर नगर की गली नंबर 10 निवासी जतिंदर कुमार की शिकायत पर न्यू राम नगर निवासी अमरजीत, विशाल, महादेव नगर निवासी अजीत, ग्यासपुरा निवासी दीपक व शुक्र मंडी इलाका निवासी कन्हैया के खिलाफ केस दर्ज किया। जतिंदर कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम आठ बजे वो कंगनवाल से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में आरोपितों के मोटरसाइकिल से उसके साइकिल की टक्कर हो गई। गुस्साए आरोपितों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। मारपीट कर घायल करने के बाद वो उसे जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए।