लुधियाना में पूर्व मंत्री गोसाईं के अंतिम दर्शन कर सकेंगे कार्यकर्ता व लोग, कल शाम हाेगा अंतिम संस्कार
शुक्रवार को गोसाईं का पार्थिव शरीर उनके घर के सामने पार्क में रखा जाएगा जहां पर पार्टी कार्यकर्ता व आम लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। तीन बजे उनकी शव यात्र किदवई नगर उनके घर से गऊघाट स्थित श्मशान घाट के लिए निकलेगी।
लुधियाना, जेएनएन। पंजाब के पूर्व सेहत मंत्री सतपाल गोसाईं का अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम चार बजे हाेगा। उनका मंगलवार को निधन हो गया था। उनके पोते अमित गोसाईं इन दिनों विदेश में हैं और वह वीरवार देर रात तक लुधियाना पहुंचेंगे। उसके बाद ही पूर्व सेहत मंत्री का अंतिम संस्कार होगा।
शुक्रवार को गोसाईं का पार्थिव शरीर उनके घर के सामने पार्क में रखा जाएगा, जहां पर पार्टी कार्यकर्ता व आम लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। तीन बजे उनकी शव यात्र किदवई नगर उनके घर से गऊघाट स्थित श्मशान घाट के लिए निकलेगी और चार बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सतपाल गोसाईं ने वर्ष 1980 में भाजपा से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह अकाली-भाजपा सरकार में मंत्री रहे। वह एक बार विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रहे।अपने मृदु व्यवहार के कारण सतपाल गोसाईं के शुभचिंतक सभी दलों में मौजूद थे।
शेर ए पंजाब के नाम से भी पुकारते थे समर्थक
सतपाल गोसाईं के समर्थक उन्हें शेर ए पंजाब के नाम से भी पुकारते थे। अपने पिछले जन्मदिवस पर सतपाल गोसाईं के समर्थकों ने किदवई नगर स्थित आर्यसमाज मंदिर में उनकी दीर्घायु के लिए हवन करवाया था। गोसाईं के निधन की सूचना के बाद उनके समर्थकों में मायूसी छा गई। उनके समर्थक उनके आवास पर जुटने शुरू हो गए हैं।
हर धर्म को एक बराबर मानते थे गोसाईं
वैसे तो सतपाल गोसाईं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता थे और भाजपा से लंबे समय तक जुड़े रहे, लेकिन वह सभी धर्मों का सम्मान करते थे। वह अनोखे भाजपा नेता होंगे, जिनके घर के पास मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च हैं। खास बात यह है कि उन्होंने चारों धर्मों के पूजनीय स्थलों के निर्माण में पूरा सहयोग दिया।