लुधियाना की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन कर ईद की नमाज अदा की
नायब शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि साल भर रोजाना पांच बार नमाज अदा की जाती है और ईद वाले दिन छह नमाज अदा करते है।
लुधियाना, जेएनएन। कोरोना वायरस के संकट के मद्देनजर फिजिकल डिस्टेंसिंग के साथ शनिवार को फील्ड गंज चौक स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद समेत अन्य सभी मस्जिदों में ईद उल अजहा (बकरीद) की नमाज अदा की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशू, लोकसभा सदस्य स. रवनीत सिंह बिट्टू, गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब के प्रधान सरदार प्रितपाल सिंह, विधायक सुरिंदर डावर, राकेश पांडे, संजय तलवार, कुलदीप सिंह वैद, पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह गाबड़िया ने बधाई संदेश भेजा।
इस मौके पर शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि आज का दिन हम अल्लाह के प्यारे नबी हजरत इब्राहीम अलहिस्सलाम की याद में मनाते हैं। जिन्होंने इंसानों को यह सबक दिया कि अगर वक्त आए तो अपनी जान से प्यारी चीज भी अल्लाह पर कुर्बान करने से न घबराओ। शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान लुधियानवी ने कहा कि दीन-ए-इस्लाम की इसी प्रेरणा से भारत के मुसलमानों ने देश को आजाद करवाने के लिए अंग्रेजों से टक्कर लेते हुए हजारों कुर्बानियां दी थी। उन्होंने कहा कि आज भी अगर देश को जरूरत पड़ी तो मुसलमान कुर्बानी देने को तैयार है। शाही इमाम ने कहा की आज का दिन बरकत और रहमत वाला है, दुआ कबूल होती है और अल्लाह का हुक्म है कि ईद के दिन गरीबों और जरूरतमंदों की मदद की जाए।
इस अवसर पर नायब शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि इस्लाम के पर्व इबादत और नेकी की राह दिखाते हैं। हम साल भर रोजाना पांच बार नमाज अदा करते हैं और ईद के दिन छह नमाज अदा करते है। उस्मान लुधियानवी ने कहा कि कुर्बानी के इस दिन हम सब इस संकल्प को दोहराते हैं कि अगर देश और कौम को जरूरत पड़ी तो हम पीछे नहीं रहेंगे। इस अवसर पर पंजाब पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किया गए थे। डीसीपी लॉ एंड आर्डर अश्वनी कपूर, एडीसीपी 1 दीपक पारेख, एसीपी सेंट्रल सरदार वरियाम सिंह विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें