कपड़ा फैक्ट्री में आग, 40 फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने 6 घंटे बाद पाया काबू
हंबड़ां रोड़ पर शक्ति टैक्सटाइल में दोपहर को आग लग गई। देर रात साढ़े नौ बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जेएनएन, लुधियाना। हंबड़ां रोड़ पर शक्ति टैक्सटाइल में दोपहर को आग लग गई। देर रात साढ़े नौ बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। देर रात को भी आग कई जगह पर सुलग रही थी। शक्ति टैक्सटाइल के कर्मचारियों ने बताया कि फैक्ट्री में कपड़ा बनाने का काम होता है। फैक्ट्री के अंदर ही शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी से वहां पड़ी धागे की गांठों को आग लग गई। धुआं उठता देखकर वे सभी बाहर की ओर भागे। फिर आसपास की फैक्ट्रियों से पानी लाकर आग पर काबू डालने का प्रयास करने लगे। मगर आग ने कपड़े और धागे को अपनी चपेट में ले लिया था और लपटें बाहर आने लगीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचनी शुरू हो गई। देर रात साढ़े नौ बजे तक करीब 40 गाड़ियों की सहायता से आग पर काबू पाया जा सका। आग से फैक्ट्री में पड़ी मशीनरी, कपड़ा और धागा जलकर राख हो गया है। फैक्ट्री के मालिक प्रिंस का कहना है कि अभी नुकसान संबंधी कुछ भी आंकलन नहीं किया जा सकता है। उनका लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।
नहीं था फायर सिस्टम, धागे ने किया पेट्रोल का काम
फैक्ट्री में फायर सेफ्टी के प्रबंध नहीं थे। तभी आग पर काबू डालने में फायर कर्मियों को बेहद मशक्कत करनी पड़ी। फैक्ट्री में पड़े धागे ने पेट्रोल का काम किया है जिससे आग तेजी से बढ़ी और कंट्रोल से बाहर हो गई। आगजनी के बाद लोग सहमे, दो थानों की पुलिस पहुंची
जैसे ही फैक्ट्री में आग लगी, इससे आसमान में काले धुएं का गुबार बन गया। आसपास की फैक्ट्रियों के लोग इससे सहम गए। वहां पर लोगों का जमावड़ा लग गया। भीड़ को हटाने के लिए मौके पर थाना लाडोवाल और हंबड़ा की पुलिस पहुंची और उनको काफी मशक्कत करनी पड़ी।