सोना लूट मामले में पांचवी गिरफ्तारी, मुख्य आरोपित भुल्लर की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
गिल रोड पर इंडिया इंफोलाइन फाइनांस लिमिटिड कंपनी की ब्रांच से 30 किलो सोना लूट मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
लुधियाना, जेएनएन। गिल रोड पर इंडिया इंफोलाइन फाइनांस लिमिटिड कंपनी की ब्रांच से 30 किलो सोना लूट मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आर्गनाइज क्राइम कंट्रोल यूनिट (ओकू) की तरफ से उक्त आरोपित को शहर से ही काबू किया गया है। उसकी शिनाख्त गुरसेवक ङ्क्षसह निवासी गांव गोलूवाला कोट इसे खां मोगा के तौर पर हुई है। वह लूट के आरोपितों में शामिल था और उसे अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।
अब तक दस किलो सोना भी बरामद
ओकू के मुखी आइजी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि अब तक इस मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मार्च माह में सबसे पहली गिरफ्तारी गगनदीप सिंह उर्फ गगन जज की हुई थी। इसके बाद पुलिस ने इस लूटकांड के मुख्य साजिशकर्ता जयपाल के भाई हरप्रीत सिंह, अमृतपाल सिंह और प्रदीप सिंह को गिरफ्तार करके दस किलो सोना भी बरामद कर चुकी है। इस केस की चार्जशीट भी अदालत में पेश कर दी गई है। अब इस मामले के मुख्य आरोपित जयपाल भुल्लर की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
क्या है मामला
बता दें कि इसी साल फरवरी में चार लुटेरों ने गिल रोड पर स्थित सोने के बदले लोन देने वाली कंपनी के कार्यालय से 30 किलो सोना और कुछ नगदी लूटी थी। पुलिस ने थाना डिवीजन नंबर छह में आपराधिक मामला दर्ज किया था। ओकू की ओर से मार्च माह में गगन जज की गिरफ्तारी करने के बाद इस मामले की जांच ओकू को सौंप दी गई थी।