किसानों ने पीएनबी की ओर किया कूच, हालात से निपटने को भारी पुलिस बल तैनात
बैंकों की नीतियों के विरोध में फिरोजपुर रोड पर किसानों का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। धरने में सात अलग-अलग जत्थेबंदियों ने पंजाब और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जेएनएन, लुधियाना। बैंकों की नीतियों के विरोध में फिरोजपुर रोड पर किसानों का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। धरने में सात अलग-अलग जत्थेबंदियों ने पंजाब और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने फिरोजपुर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी)की ओर कूच कर दिया। हालात से निपटने को भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। धरने के कारण कई जगह जाम की स्थिति बन गई।
किसान जत्थेबंदियों के नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब में बैंक जब किसी किसान को कर्जा देते हैं, तो सिक्योरिटी के तौर पर उसकी जमीन गिरवी रख लेते हैं। इसके साथ किसानों से खाली चेक भी लिए जाते हैं। अगर किसी कारण से किसान कर्ज अदा नहीं कर पाता है तो बैंक चेक को लगाकर बाउंस करवा देता है। इसके बाद किसानों को अदालत से सजा करवाई जा रही है, जोकि सरासर अन्याय है। बैंक ने करीब 1500 किसानों के चेक बाउंस करवाए हैं। जबकि 120 से अधिक किसानों पर केस दर्ज करवाकर भगौड़ा करार दिया है। इस मामले में सैकड़ों किसान दो-दो साल की सजा काट रहे है।