अब सिधवां नहर में नहीं गिरेगा डंप का कूड़ा
गिल रोड पर सेकेंडरी डंप से कूड़ा अब सिधवां नहर मे नहीं गिरेगा।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : गिल रोड पर सेकेंडरी डंप से कूड़ा अब सिधवां नहर मे नहीं गिरेगा। कारण, नगर निगम ने सिधवां नहर के किनारे बने सेकेंडरी डंप को पक्का करना शुरू कर दिया है। यही नहीं, निगम नहर की तरफ अब दीवार भी बनाएगा। निगम ने कूड़ा डंप को पक्का करने के लिए बेस बनाना शुरू कर दिया। बता दें कि सिधवां नहर में कूड़ा गिरने का मामला दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद डंप को पक्का करने का फैसला किया गया। यहां पर स्टैटिक कंपेक्टर भी लगाया जाना है। जोन सी के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने कहा कि 15 दिन में डंप को पक्का कर लिया जाएगा।
कूड़ा कलेक्टरों ने डबल किया चार्ज
निगम ने गिल रोड के सेकेंडरी डंप को निर्माण के लिए बंद किया है। इस दौरान कूड़ा कलेक्टरों को वहां कूड़ा नहीं गिराने नहीं दिया जा रहा। इसकी आड़ में कूड़ा कलेक्टरों ने आसपास के इलाके में कूड़ा उठाने के चार्जेस डबल कर दिए हैं। इलाका निवासियों का कहना है कि कूड़ा उठाने वाले पहले 50 रुपये लेते थे, लेकिन अब उन्होंने सौ रुपये रेट कर दिया है। कूड़ा कलेक्टरों का कहना है कि उन्हें कूड़ा फेंकने के लिए दूर जाना पड़ रहा है, इसलिए चार्ज बढ़ाया है। ऐसे में कई लोगों ने अब प्लॉटों में कूड़ा फेंकना शुरू कर दिया है।
कूड़ा नहीं उठ रहा तो करें शिकायत
चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने निगम ने कूड़ा कलेक्ट करने के चार्जेस तय किए हैं, इसलिए वे अपनी मर्जी से पैसे नहीं वसूल सकते। जिन इलाकों में कूड़ा कलेक्टर कूड़ा नहीं उठा रहे हैं वह इसकी शिकायत निगम दफ्तर जोन सी में में दे सकते हैं।