दूलो का दबदबा : 18 में से 14 कांग्रेस पार्षद रहे गायब
करीब 35 साल तक खन्ना कांग्रेस की राजनीति पर एकछत्र राज करने वाले शमशेर सिंह दूलो का दबदबा अभी भी है।
सचिन आनंद, खन्ना : करीब 35 साल तक खन्ना कांग्रेस की राजनीति पर एकछत्र राज करने वाले राज्यसभा सदस्य शमशेर सिंह दूलो भले ही अब स्थानीय राजनीति से दूर हैं, लेकिन उनका दबदबा अभी भी बरकरार है। इस बात के संकेत तब मिले, जब बुधवार को खन्ना के कांग्रेसी उनके घर का घेराव करने पहुंचे। कारण, दूलो के घर का घेराव करने के नाम पर खन्ना कांग्रेस के 18 निवर्तमान पार्षदों में से 14 गायब रहे। इसके साथ ही कई बड़े नेताओं ने भी इस धरने से दूरी बना ली।
ब्लॉक कांग्रेस प्रधान जतिदर पाठक की पत्नी वार्ड 30 से निवर्तमान पार्षद हैं। पाठक इस कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे थे। उनके अलावा वार्ड 33 से पूर्व नगर कौंसिल प्रधान विकास मेहता, वार्ड 20 से निवर्तमान पार्षद शाम लाल मल्होत्रा और वार्ड 17 से निवर्तमान पार्षद सुरिदर कुमार बावा धरने पर पहुंचे। बता दें कि कांग्रेस के पास खन्ना नगर कौंसिल में 18 निवर्तमान पार्षद हैं। जिला यूथ कांग्रेस के प्रधान अमित तिवारी मौजूद रहे, पर उनकी टीम के कई सदस्य नहीं आए। यही हाल विधानसभा यूथ कांग्रेस का रहा। प्रधान अंकित शर्मा तो आए पर कईं पदाधिकारी नहीं आए।
ये निवर्तमान कांग्रेस पार्षद रहे अनुपस्थित
वार्ड एक से नेत्र कौर, वार्ड तीन से गुरमिदर सिंह लाली, वार्ड चार से कुलदीप कौर, वार्ड पांच से कृष्ण पाल, वार्ड छह से सुनील कुमार नीटा, वार्ड सात से अंजनजीत कौर, वार्ड 11 से जसवीर सिंह जस्सी कालीराव, वार्ड 12 से गुरमीत नागपाल, वार्ड 22 से रविदर सिंह बब्बू, वार्ड 23 से जसपाल कौर, वार्ड 28 से गुरमीत कौर, वार्ड 29 से गुरदीप मशाल, वार्ड 31 से वेद प्रकाश, वार्ड 32 से विजय शर्मा नहीं आए। इसके अलावा कई टिकटों के दावेदार भी इस कार्यक्रम से गायब रहे।
गौरहाजिर रहने वालों को भेजेंगे नोटिस : पाठक
ब्लॉक कांग्रेस शहरी प्रधान जतिदर पाठक ने कहा कि कुछ नेताओं को मैसेज नहीं पहुंच पाया था। जिन निवर्तमान पार्षदों और नेताओं को मैसेज मिला था और वे फिर भी नहीं पहुंचे, उनसे जवाब तलबी की जाएगी। उन्हें नोटिस भेज कर नहीं पहुंचने का कारण पूछा जाएगा। अगर कारण जायज हुआ तो ठीक है, लेकिन बहानेबाजी हुई तो कार्रवाई करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। इसके अलावा कोरोना के मद्देनजर अधिक लोगों को बुलाया भी नहीं गया था।