लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के बाहर अफसरों के खिलाफ किया प्रदर्शन
छह साल से अपने प्लाट की रजिस्ट्री करवाने की लड़ाई लड़ रहे बीआरएस नगर निवासी जतिदरपाल सिंह ने मंगलवार को इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन किया। जतिदरपाल सिंह ने ट्रस्ट अफसरों उनका काम जानबूझकर लटकाकर उनसे रिश्वत मांगने का आरोप लगाया।
जासं, लुधियाना : छह साल से अपने प्लाट की रजिस्ट्री करवाने की लड़ाई लड़ रहे बीआरएस नगर निवासी जतिदरपाल सिंह ने मंगलवार को इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन किया। जतिदरपाल सिंह ने ट्रस्ट अफसरों उनका काम जानबूझकर लटकाकर उनसे रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। जतिदरपाल सिंह का आरोप है कि ट्रस्ट अफसरों ने पहले उनसे गलत रिकवरी करने की कोशिश की और जब उन्होंने रिकवरी देने से मना किया तो अब उनकी रजिस्ट्री रोकने के लिए अलग-अलग पैंतरे अपना रहे हैं। जिसकी वजह से उन्हें प्रदर्शन करना पड़ा।
जतिदरपाल सिंह ने कहा कि ट्रस्ट ने 2015 में कई लोगों से गलत रिकवरी करनी शुरू की। इसका उन्होंने विरोध किया। तब से वह लगातार कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वह किसी कर्मचारी और अफसर के पास जाते हैं तो वह रिश्वत की मांग करने लगते हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व चेयरमैन ने उनको प्लाट की रजिस्ट्री करवाने की अनुमति दे दी थी, लेकिन फिर से उनका मामला कोर्ट में पहुंचा दिया गया। उसके बाद उन्होंने भी हाई कोर्ट में केस किया और कोर्ट ने ट्रस्ट अफसरों को कहा कि या तो इनकी रजिस्ट्री करवाई जाए या इसकी स्थिति स्पष्ट की जाए। ट्रस्ट अफसरों ने कुछ भी नहीं किया। उन्होंने बताया कि जब वह इस मामले में ट्रस्ट अफसरों से मिले तो उन्होंने उनकी बात नहीं सुनी। जिसके बाद उन्होंने प्रदर्शन किया।
विजिलेंस से क्लीयरेंस मिलने पर ही होगी रजिस्ट्री : ट्रस्ट चेयरमैन
ट्रस्ट के चेयरमैन रमन बाला सुब्रह्मण्यम का कहना है कि हाई कोर्ट के दिशा निर्देश पर शहर के कई प्लाटों की विजिलेंस जांच चल रही है। उसमें इनका प्लाट भी है। जब तक विजिलेंस की तरफ से क्लीयरेंस नहीं मिलती तब तक ट्रस्ट रजिस्ट्री नहीं करवा सकता है। उन्होंने कहा कि रिश्वत के मामले में लगाए गए आरोपों के संबंध में कभी कोई शिकायत नहीं मिली।