आम आदमी पार्टी को एक और बड़ा झटका, दर्शन सिंह शंकर कांग्रेस में हुए शामिल
आम आदमी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता दर्शन सिंह शंकर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। सुबह ही उन्होंने आम आदमी पार्टी के सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने का ऐलान किया था।
जेएनएन, लुधियाना। आम आदमी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता दर्शन सिंह शंकर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। सुबह ही उन्होंने आम आदमी पार्टी के सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने का ऐलान किया था। दर्शन सिंह को कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु व सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस में शामिल किया। दर्शन सिंह के फैसले से आम आदमी पार्टी में हड़कंप मच गया है। दर्शन सिंह शंकर ने तो सीधे-सीधे पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी गुटबाजी की वजह से कर्मठ कार्यकर्ता व नेता पार्टी से किनारा कर रहे हैं, जिससे आए दिन पार्टी कमजोर होती जा रही है। दो दिन में लुधियाना दो बड़े नेताओं का पार्टी से अलग होना लोकसभा चुनाव के लिए किसी भी तरह से सही नहीं है।
दर्शन सिंह शंकर पार्टी गठन से लेकर अब तक लगातार पार्टी में सक्रिय रहे। दर्शन सिंह शंकर जन संपर्क विभाग से रिटायर्ड अधिकारी थे। ऐसे में पंजाब की मीडिया को वह अच्छे से समझते थे, इसीलिए पार्टी ने उन्हें प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी थी। लंबे समय से वह प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी को बाखूबी निभा रहे थे।पार्टी के प्रदेश प्रधान भगवंत मान को भेजे इस्तीफे में उन्होंने कहा है कि पिछले लंबे समय से पार्टी नेताओं की आपसी खींचतान और उनमें राजनीतिक समझ की कमी के कारण प्रदेश स्तर पर पार्टी को बेहद नुकसान हुआ है। पार्टी से विद्रोह करके अलग हुए विधायक लगातार पार्टी के खिलाफ सरेआम बोल रहे हैं, लेकिन पार्टी नेतृत्व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद बचाने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा।
उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा को देखते हुए कई लोग अपना काम काज छोड़कर पार्टी के साथ जुड़े। लेकिन नेताओं की आपसी खींचतान की वजह से पार्टी पंजाब में लोगों की उम्मीद पर खरी नहीं उतरी। उन्होंने कहा कि कई लोग अब घर बैठ चुके हैं या फिर वह पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं। लेकिन नेतृत्व ने एक बार भी उनसे मिलने की जरूरत नहीं समझी। उन्होंने कहा कि वह खुद प्रवक्ता होने के नाते पार्टी की भलाई के लिए काम करता रहा। लेकिन अब वह भी नेताओं की गुटबाजी से बेहद दुखी हैं और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता व अन्य सभी जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में समाज सेवा के कार्यों से जनता से जुड़े रहेंगे। उन्होंने अभी तक किसी भी राजनैतिक दल में जाने के संकेत नहीं दिए हैं।