कमर्शियल कांप्लेक्स में जनरेटर रख रही क्रेन पलटी
सराभा नगर के कमर्शियल कांप्लेक्स में जनरेटर रखने के लिए आई क्रेन अनियंत्रित होकर पलट गई। क्रेन की लिफ्ट कांप्लेक्स के पीछे बने क्वार्टरों की छत पर जा गिरी जिससे इमारत का काफी नुकसान हो गया।
जागरण संवाददाता लुधियाना : सराभा नगर के कमर्शियल कांप्लेक्स में जनरेटर रखने के लिए आई क्रेन अनियंत्रित होकर पलट गई। क्रेन की लिफ्ट कांप्लेक्स के पीछे बने क्वार्टरों की छत पर जा गिरी, जिससे इमारत का काफी नुकसान हो गया। वहीं क्वार्टरों के अंदर रह रही लेबर ने भाग कर अपनी जान बचाई।
सराभा नगर जी ब्लॉक में रहने वाले लोगों ने थाना सराभा नगर पुलिस को शिकायत देकर कमर्शियल कांप्लेक्स मालिक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। घटना वीरवार दोपहर 2:30 बजे की है। मल्हार रोड पर स्थित उक्त कांप्लेक्स की एक एंट्री पीछे वाली रोड से भी है। उस रोड से आई क्रेन वहां भारी भरकम कमर्शियल जनरेटर रख रही थी कि उसी दौरान उसका नियंत्रण बिगड़ गया और वह पलट गई। इलाका निवासियों में इस बात को लेकर भी रोष है कि शिकायत मिलने के घंटों बाद देर शाम पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लिखित में शिकायत देने के बाद पुलिस ने कार्रवाई को शुक्रवार तक के लिए टाल दिया है।