सीपी बने योग गुरु, फेसबुक पर 24 हजार लोगों को आसन करवाए शुरू
पुलिस कमिश्नर (सीपी) राकेश अग्रवाल इन दिनों शहरियों के लिए मार्गदर्शक बने हैं।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : पुलिस कमिश्नर (सीपी) राकेश अग्रवाल इन दिनों शहरियों के लिए मार्गदर्शक बने हैं। कई तरह की योजनाएं चलाने के साथ साथ सोशल मीडिया के माध्यम से वह सीधे तौर पर लोगों के टच में हैं। रविवार को उनकी ओर से नई पहल की। लोगों को करीब डेढ़ घंटे तक योग करवाया। वह लुधियाना पुलिस के फेसबुक पेज पर लाइव हुए और योग की अलग अलग क्रियाएं की। इसे लोगों को करने के लिए भी प्रेरित किया। उनके साथ एक अन्य योग सहपाठी थे जिनकी ओर से योगासनों को कैसे करना है और इसके क्या फायदे हैं के बारे में बताया गया।
सबसे पहले जल नीति की, जिसमें नाक के एक सुराख से पानी डालकर दूसरे सुराख से निकाला जाता है। इसके बाद प्राणायाम, कपाल भाती, रोचक क्रिया, वसतरिका क्रिया करने के साथ साथ अलग अलग बंध लगाए। ओम उच्चारण करने के साथ साथ अलग अलग एक्सरसाइज भी कीं। सुबह सात बजे से साढ़े आठ बजे तक वह फेसबुक पर लाइव रहे और अलग अलग आसन के जरिए लोगों को निरोग रहने का मंत्र दिया है। एफबी पर करीब 24 हजार लोगों ने सीपी के योगासनों को देखकर काफी कुछ सीखा।
रोजाना डेढ़ घंटा योग करते हैं सीपी
पुलिस कमिश्नर रोजाना डेढ़ घंटे तक योग करते हैं। यह उनकी दिनचर्या है। सीपी के अनुसार वह भले ही देर रात को सोए हों सुबह उठकर डेढ़ से दो घंटे तक योग करना जरूरी है। इससे उन्हें काम करने की एनर्जी मिलती है और पूरा दिन मानसिक और शारीरिक थकावट भी नहीं होती। उनका कहना है कि योग की शक्ति को अब पूरा विश्व मान चुका है।
पुलिस कर्मियों की दिनचर्या में योग जरूरी
सीपी कहते हैं कि योग पुलिस कर्मचारियों की दिनचर्या का हिस्सा होना बहुत जरूरी है। अगर पुलिस के मुलाजिम इसे रुटीन में करना शुरू करें तो उनके काम की समर्था भी बढ़ेगी और वह तनाव से भी बाहर आ सकेंगे। वह प्रयास कर रहे हैं कि मुलाजिमों के लिए पुलिस लाइन में योग की क्लास शुरू की जा सके। उन्होंने कहा, आम लोगों को भी जीवन में इसे अपनाना चाहिए। कोरोना जैसी महामारी से लड़ने में योग अहम योगदान दे सकता है।