सड़कों पर गड्ढे बने जानलेवा-लाेगाें की मांग, रिपेयर नहीं करने वाले अफसरों से वसूला जाए घायलों के इलाज का खर्च
सड़कों के गड्ढे जानलेवा बन गए हैं और नगर निगम अफसर शिकायत के बाद सिर्फ खानापूर्ति के लिए गड्ढों की मरम्मत कर रहे हैं।माडल टाउन रोड पर बने गड्ढे को निगम अफसर अगर पहली शिकायत पर ही सही तरीके से ठीक करवा देते तो यहां पर दुर्घटनाएं नहीं होती।
लुधियाना, जेएनएन। शहर की सड़कों के गड्ढे जानलेवा बन गए हैं और नगर निगम अफसर शिकायत के बाद सिर्फ खानापूर्ति के लिए गड्ढों की मरम्मत कर रहे हैं। मरम्मत के नाम पर गड्ढों में मिट्टी व पत्थर भरे जा रहे हैं। नतीजा यह हो रहा कि कुछ दिन में मिट्टी व पत्थर बिखर जाते हैं अौर गड्ढा वहीं का वहीं रह जाता है। लोग इन गड्ढों से रोजाना दुर्घटना ग्रस्त हो रहे हैं।
अफसरों पर कार्रवाई की मांग
माडल टाउन रोड पर बने गड्ढे को निगम अफसर अगर पहली शिकायत पर ही सही तरीके से ठीक करवा देते तो यहां पर बार बार दुर्घटनाएं नहीं होती। दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद अब शहरवासी शिकायत के बावजूद गड्ढा सही तरीके से रिपेयर न करवाने वाले अफसरों पर कार्रवाई की मांग करने लगे हैं। लोगों का यहां तक कहना है कि जो लोग इस गड्ढे की वजह से घायल हुए हैं उनके इलाज का खर्च भी संबंधित अफसरों से ही वसूला जाए।
अगस्त में पहली बार की थी शिकायत
स्थानीय निवासी जसकीरत सिंह का कहना है कि अगस्त माह में इसकी पहली बार शिकायत दी थी। तब अगर इस गड्ढे को सही तरीके से रिपेयर किया जाता तो यहां पर हादसे नहीं होते। लेकिन निगम अफसर पहले मिट्टी और पत्थर डालते रहे। जब हादसे ज्यादा होने लगे और लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर अफसरों की पोल खोली तो उन्होंने इंटरलाक टाइल लगाकर रिपेयर किया। जसकीरत सिंह का कहना है कि जो लड़की नौ नवंबर को दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई है निगम को उसके इलाज का पूरा खर्च देना चाहिए। इसके अलावा अन्य लोगों को भी इस गड्ढे के कारण चोटें आई हैं उनके इलाज का खर्च भी निगम दे।
आरटीआइ एक्टिविस्ट अरविंद शर्मा बोले, अफसरों से वसूला जाए इलाज का खर्च
शहर के आरटीआइ एक्टिविस्ट अरविंदर शर्मा का कहना है कि शहरवासी टैक्स देते हैं तो सड़क की व्यवस्था करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि माडल टाउन के गड्ढे के कारण ही नहीं बल्कि शहर में किसी भी गड्ढे या टूटी सड़क के कारण दुर्घटना होती है तो उसके इलाज का खर्च नगर निगम को उठाना होगा। शर्मा ने कहा कि माडल टाउन सड़क के गड्ढे के कारण घायल हुई लड़की के इलाज का खर्च तो सीधे तौर पर संबंधित अफसर से वसूला जाना चाहिए क्योंकि लोग बार बार शिकायत कर चुके हैं। इस मामले में आरटीआइ एक्टिविस्ट अरविंद शर्मा ने राज्य मानवाधिकार आयोग को शिकायत कर दी है।