लुधियाना के मुंडियां कलां में अधर में लटका 33 फुटा सड़क का निर्माण, लोगों ने पार्षद के साथ किया प्रदर्शन
लुधियाना के मुंडियां कलां वार्ड 26 के तहत आने वाली 33 फुटा रोड का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। वार्ड पार्षद व शिअद नेता सुरजीत सिंह राय की अगुआई में इलाके के लोगों ने मंडी ग्राउंड के पास सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। मुंडियां कलां वार्ड 26 के तहत आने वाली 33 फुटा रोड का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। वार्ड पार्षद व शिअद नेता सुरजीत सिंह राय की अगुआई में इलाके के लोगों ने मंडी ग्राउंड के पास सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसमें युवा नेता सिमरनजीत सिंह ढिल्लों भी शामिल हुए। ढिल्लों व राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार सिर्फ अपनी पार्टी के नेताओं के वार्डों को संवारने में लगी है। शिअद के पार्षदों के वार्डों में कोई विकास कार्य नहीं किया जा रहा है। 33 फुटा रोड वार्ड 27 व 26 के हद में पड़ती है। वार्ड 27 की कांग्रेस की महिला पार्षद की हद तक रोड बना दी गई है जबकि आगे निर्माण कार्य अधूरा है। प्रदर्शन के दौरान मोती नगर, फोकल प्वाइंट, जमालपुर थाने की पुलिस मौके पर मौजूद रही। प्रदर्शन में अमन, सचिन शर्मा, जग्गा मुंडियां, जरनैल दोसांझ, पिंटू मुंडियां, गोगी मुंडियां, तजिन्दरपाल सोनी, रिंकू मुंडियां, गेजा सिंह, अवधेश चौरसिया, तजिंदर सिंह, कुलवीर सिंह, बलजीत बल्ली, अवतार सिंह और स्वर्ण सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।
बरसात के बाद बनेगी सड़क
नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर जेई करण पाठक की अगुआई में टीम भेजी। जेई ने कहा कि बरसात के बाद सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।