जिला सहकारी यूनियन के चुनाव में कांग्रेस विजयी
इंडियन नेशनल कांग्रेस ने जिला सहकारी यूनियन लुधियाना के चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने आठ जोन में से छह जोन में बिना मुकाबला ही विजय हासिल की है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : इंडियन नेशनल कांग्रेस ने जिला सहकारी यूनियन लुधियाना के चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने आठ जोन में से छह जोन में बिना मुकाबला ही विजय हासिल की है। जबकि दो जोन में चुनाव शुक्रवार को करवाया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी लुधियाना देहाती के प्रधान करणजीत सिंह सोनी गालिब ने वीरवार को विजेताओं को बधाई दी और कहा कि लोग कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित हैं।
भूंदड़ी जोन से गुरजीत सिंह, अजनौद जोन से राज बलजीत सिंह, हंबड़ा जोन से जगीर सिंह, महदूदां जोन से जगतार सिंह, भट्टियां बेट जोन से रमनदीप सिंह, लुधियाना इंटर जोन से अजमेल सिंह को वीरवार नामांकन के प्रोसेस के बाद बिना मुकाबला विजेता करार दिया गया। इस अवसर पर सोनी गालिब ने कहा कि यह जीत दर्शाती है कि लोगों को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी एवं पूरी कांग्रेस की लीडरशिप पर पूरा भरोसा है। वेरका मिल्क प्लांट के पदाधिकारियों के चुनाव में भी कांग्रेस ने बारह में से ग्यारह जोन में जीत दर्ज की थी।