नागरा ने राहुल गांधी के सामने कैप्टन अमरिंदर सिंह को याद दिलाए वादे
कुलजीत सिंह नागरा ने राहुल गांधी के सामने ही मंच से मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को 2017 के विधानसभा चुनाव में किए वादों को याद करा दिया।
खन्ना, [सचिन आनंद]। फतेहगढ़ साहिब विधानसभा सीट से विधायक और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव (सह-प्रभारी दिल्ली) कुलजीत सिंह नागरा ने राहुल गांधी के सामने ही मंच से मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को 2017 के विधानसभा चुनाव में किए वादों को याद करा दिया। नागरा ने मुख्य रूप से दो वादों की बात की। उन्होंने कहा कि गरीबों के कच्चे मकान पक्के करने और पांच मरले के प्लाट देने के वादे कैप्टन अमरिंदर सिंह अगले एक साल में पूरे कर दें। इसके बाद अपने संबोधन में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी बिना नाम लिए नागरा के सवाल का जवाब दे दिया।
कैप्टन ने कहा कि 2017 में जो वादे उन्होंने प्रदेश की जनता से किए थे वे उन्हें बारी-बारी से पूरे कर रहे हैं। अपने मेनिफेस्टो के सभी वादे वे पांच साल में पूरे कर देंगें। एक लिहाज से कैप्टन ने नागरा के एक साल में वादे पूरे करने की मांग को तीन साल तक लटका दिया। डॉ. अमर सिंह ने आरक्षण को बताया सफलता का राज फतेहगढ़ साहिब सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अमर सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी काबलियत की जगह आरक्षण को दे दिया। राहुल गांधी के सामने अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नेहरू परिवार ने देश के दलितों को आरक्षण दिया। वे गरीब मजदूर के परिवार से हैं। आरक्षण के बल पर पहले उन्होंने एमबीबीएस की। फिर आइएएस अधिकारी बने। अब आरक्षण के कारण ही उन्हें लोकसभा सीट से टिकट दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही आरक्षण को मजबूत किया है।
न सनी देयोल चाहिए न सन्नी लियोनी
सपरा कांग्रेस के महाराष्ट्र से पूर्व विधायक चरण सिंह सपरा भी रैली में पहुंचे। उन्होंने एक्टर सनी देयोल पर निशाना साधा। सपरा ने कहा कि कांग्रेस को न तो सनी देयोल की जरूरत है और न ही सन्नी लियोनी की। कांग्रेस अपने नेताओं और वर्करों के दम पर चुनाव लड़ती रही है। इस बार भी वर्कर ही कांग्रेस को जिताएंगे। ये नेता रहे मौजूद रैली के दौरान मंच पर रास सदस्य प्रताप सिंह बाजवा, पंजाब कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी, पंजाब कांग्रेस प्रचार समिति के सदस्य लाल सिंह, पूर्व मंत्री तेज प्रकाश सिंह कोटली, विधायकों में काका रणदीप सिंह, अमरीक सिंह ढिल्लो, सुरजीत सिंह धीमान, लखवीर सिंह लक्खा, गुरप्रीत सिंह जीपी, गुरकीरत सिंह कोटली, साहनेवाल हलका इंचार्ज सतविंदर कौर बिट्टी, खन्ना नगर कौंसिल प्रधान विकास मेहता और खन्ना ब्लॉक कांग्रेस प्रधान जतिंदर पाठक भी उपस्थित रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप