लुधियाना में CII ने 10,000 कर्मचारियों को करवाई वैक्सीनेशन, 30 कंपनियों में पहुंची मोबाइल टीम
लुधियाना में कंफरडेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआइआइ) की ओर से अब तक 30 कंपनियों के दस हजार से अधिक कर्मचारियों की वैक्सीनेशन करवाई गई है। इसी कड़ी के तहत टीम की ओर से सिटीजन ग्रुप में वैक्सीनेशन ड्राइव आयोजित की गई।
लुधियाना, जेएनएन। कोविड वैक्सीनेशन ड्राइव को लेकर लुधियाना की कंपनियां तेजी से काम कर रही है और ज्यादा से ज्यादा कर्मचारियों को वैक्सीनेशन करवा रही हैं। इसको लेकर कंफरडेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआइआइ) की ओर से अब तक 30 कंपनियों के दस हजार से अधिक कर्मचारियों की वैक्सीनेशन करवाई गई है। इसी कड़ी के तहत टीम की ओर से सिटीजन ग्रुप में वैक्सीनेशन ड्राइव आयोजित की गई। तीस मार्च से सीआईआइ की ओर से कैंप रोजाना आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक कई बड़ी कंपनियों को कवर किया जा चुका है। बुधवार को कैंप सिटीजन ग्रुप में आयोजित किया गया।
इस दौरान सीआइआइ पंजाब के पूर्व चेयरमैन राहुल आहुजा मुख्य रूप से उपस्थित हुए। सिटीजन ग्रुप के एमडी मनजिंदर सिंह सचदेवा ने कहा कि उनकी कंपनी अपने कर्मचारियों को लेकर पूर्ण रुप से सचेत है और आने वाले समय में 45 वर्ष से कम उम्र के सभी कर्मचारियों को भी वैक्सीनेशन करवाई जाएगी। लुधियाना सीआइआइ के चेयरमैन अशप्रीत सिंह साहनी ने कहा कि हमारा लक्ष्य लुधियाना के हर कर्मचारी को वैक्सीनेशन करवाना है। इसके लिए कंपनियों की ओर से भी पूर्ण सहयोग किया जा रहा है। अभी केवल 45 वर्ष से उपर उम्र के कर्मचारियों को वैक्सीनेशन करवाई जा रही है, जबकि आने वाले समय में सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक कैंप आयोजित किए जाएंगे।