Ludhiana Double Murder Case : लुधियाना के बेहड़ा मालिक के खिलाफ केस दर्ज, किरायेदारों की नहीं करवाई थी पुलिस वेरिफिकेशन
Ludhiana Double Murder Case पुलिस वेरिफिकेशन को हलके में लेने वाले मकान मालिकों को अब थोड़ा बहुत समझ आने लगा है। पुलिस कार्रवाई के बाद कानूनी प्रक्रिया से जूझने पर उन्हें भी अब लगने लगा है कि वो अब तक क्यों उसे नजरअंदाज करते रहे थे।
लुधियाना, जेएनएन। Ludhiana Double Murder Case : पुलिस वेरिफिकेशन को हलके में लेने वाले मकान मालिकों को अब थोड़ा बहुत समझ आने लगा है। पुलिस कार्रवाई के बाद कानूनी प्रक्रिया से जूझने पर उन्हें भी अब लगने लगा है कि वो अब तक क्यों उसे नजरअंदाज करते रहे थे। कुछ दिन पहले थाना डिवीजन नं. 4 पुलिस ने भाजपा नेता सतीश नागर की पत्नी के खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में केस दर्ज किया था। रविवार थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने जमालपुर अर्बन इस्टेट फेस-1 निवासी इंद्रजीत सिंह के खिलाफ उसी धारा के तहत केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की है।
एएसआइ दर्शन सिंह ने बताया कि गोल मार्केट में मनियारी की दुकान करने वाले आरोपित का अर्बन इस्टेट फेस-1 में एक बेहड़ा है। जिसमें बने 20 कमरे उसने किराये पर दे रखे हैं। शनिवार पुलिस को सूचना मिली थी कि उस बेहड़े के कमरा नंबर 1 में रहने वाले शैलेंद्र नाम के व्यक्ति ने उसी बेहड़े में रहने वाले शिव शंकर तिवारी के दो मासूम बेटों की गला रेत कर हत्या कर दी। उसके बाद खुद भी फंदा लगा अपनी जान दे दी। मरने वाले बच्चे 8 वर्षीय रजनीश तिवारी तथा 5 वर्षीय मुनीश तिवारी थे।
यह भी पढ़ें-J&K की मुस्लिम युवती ने Sikh युवक से रचाई शादी, मायके वालाें ने पंजाब आकर घर से उठाया; जानें पूरा मामला
घटना वाले दिन पुलिस ने आइपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की थी। जिस संबंध में पुलिस ने मकान मालिक आरोपित इंद्रजीत सिंह से किरायेदारों के आइडी प्रूफ मांगे गए तो वो पेश नहीं कर सका। जिसके चलते उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दर्शन सिंह ने कहा कि रविवार दोनों बच्चों के शव के पोस्टमार्टम करा दिए गए थे। सोमवार को शैलेंद्र के शव का भी पोस्टमार्टम करा दिया गया है।