दंपति पर हमला कर महिला के कपड़े फाड़े, 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
जब दंपति ने वहां से भागने की प्रयास किया तो आरोपितों ने उसके कपड़े फाड़ दिए। दलजीत ने कहा कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
लुधियाना, जेएनएन। मनोहर नगर इलाके में 14 लोगों ने मिल कर दंपति पर हमला कर दिया। मारपीट करने के बाद आरोपितों ने महिला के कपड़े फाड़ दिए। अब थाना मॉडल टाउन पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
आत्म पार्क चौकी इंचार्ज दलजीत सिंह ने बताया कि आरोपित मनोहर नगर निवासी अरुण कुमार, उसकी पत्नी, उसके दो बेटे, मॉडल टाउन निवासी रमेश कुमार, रमेश कुमार की पत्नी, जतिन कुमार तथा उनके सात अज्ञात साथी हैं। पुलिस ने धुरी लाइन के आजाद नगर निवासी महिला की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में महिला ने बताया कि आरोपित ज्योतिष का काम करता है। उसने अपने दफ्तर के बाहर समाजवादी पार्टी का बोर्ड भी लगा रखा है। 17 अप्रैल को वो उसके दफ्तर के सामने से निकली तो आरोपित ने उसके साथ अभद्र भाषा में बात की। महिला ने घर पहुंच कर अपने पति को सारी बात बताई। जब वो अपने पति के साथ आरोपित के दफ्तर पहुंची तो आरोपित व उसके साथियों ने दोनों पर हमला कर दिया। जब उन दोनों वहां से भागने की प्रयास किया तो आरोपितों ने उसके कपड़े फाड़ दिए। दलजीत ने कहा कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
ट्रक से तेल चोरी करने से रोका तो हमला कर तीन को घायल किया
ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग में खड़े ट्रक की टेंकी से टिपर चालकों ने डीजल चोरी करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपितों ने अपने पांच अन्य साथियों समेत हमला कर दिया। जिसमें तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब थाना मोती नगर पुलिस ने अमृतसर के मजीठा स्थित गांव चंडे निवासी हरदेव सिंह, न्यू शिमला पुरी के प्रीत नगर निवासी जोगा सिंह तथा उनके अज्ञात साथियों पर केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। एसआई रछपाल सिंह ने बताया कि उक्त केस हरदोई, उत्तर प्रदेश के थाना मलावा के गांव कुरवाया निवासी अनिल कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह ट्रक ड्राइवर है। लाॅकडाउन होने के कारण 23 मार्च को उसने अपना ट्रक डीएस पार्किंग ट्रांसपोर्ट नगर में खड़ा कर दिया। वहां और भी गाड़ियां खड़ी थीं। उनके ड्राइवर गाड़ी के अंदर ही रह रहे थे। 15 अप्रैल की रात 11.30 बजे एक बिना नंबर प्लेट वाला टिपर उसके ट्रक के पास आकर रुका। उसमें से उतरे दोनों आरोपितों ने उसके ट्रक के तेल टैंकर का ताला तोड़ दिया। अनिल के शोर मचाने पर सभी ड्राइवर इकट्ठे हो गए। उन लोगों ने मौके पर ही हरदेव सिंह को पकड़ लिया। जबकि वहां से फरार हुआ जोगा सिंह कुछ ही देर में अपने साथ 5 लोगों को लेकर आया। उन लोगों ने लाठियों के साथ उन पर हमला कर घायल कर दिया। हमले में उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित गांव नदार निवासी विजय कुमार का जबड़ा टूट गया। ट्रांसपोर्ट नगर निवासी वीर सिंह भी घायल हो गया। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। रछपाल सिंह ने कहा कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।