Virbhadra Singh passed away: कैप्टन अमरिंदर सिंह बोले- बड़े भाई ही नहीं गुरु भी थे राजा वीरभद्र, साथ बिताए पलों को किया याद
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक जताया। कहा कि वह न सिर्फ उनके बड़े भाई थे बल्कि गुरु भी थे। उन्होंने साथ बिताए पलों को भी याद किया।
जागरण संवाददाता, पटियाला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह के निधन पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शोक व्यक्त किया है। इस दौरान उन्होंने राजा वीरभद्र सिंह के साथ अपने संबंधों की यादों को भी ताजा किया है। इस संबंध में ट्वीट करते हुए कै. अमरिंदर ने कहा कि राजा वीरभद्र के निधन की सूचना सुनकर उन्हें बेहद दुख हुआ है। राजा वीरभद्र एक कुशल प्रशासक और एक सज्जन पुरुष थे, जिन्हें लोग दिल से चाहते थे। वह मेरे लिए बड़े भाई के समान ही नहीं बल्कि हम कई के लिए गुरू भी थे। परमात्मा उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
बता दें, कै. अमरिंदर (पटियाला शाही परिवार) और राजा वीरभद्र (बुशहर शाही परिवार) के आपसी पारिवारिक संबंध भी हैं। कै. अमरिंदर की बेटी बीबा जयइंदर कौर के बेटे व कै. अमरिंदर के दोहते अंगद सिंह की शादी मार्च 2015 में राजा वीरभद्र सिंह की सबसे छोटी बेटी अपराजिता कुमारी के साथ हुई थी। उक्त शादी संबंधी आयोजन नई दिल्ली, शिमला और पटियाला में भी हुए थे हालांकि पटियाला में तब आयोजित रिसेप्शन में राजा वीरभद्र ने शिरकत नहीं की थी।
छह बार सीएम बने राजा वीरभद्र
राजा वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश की राजनीति में करीब पचास साल सक्रिय रहे। छह बार मुख्यमंत्री बनते हुए उन्होंने सीएम के तौर पर हिमाचल में में सबसे ज्यादा लंबा समय बिताया। वह नौ बार विधायक बने तो पांच बार सांसद भी बने। उन्हें बीती अप्रैल में जहां पहली बार कोरोना हुआ था वहीं बीती जून में दोबारा कोरोना हो गया।
पटियाला शाही परिवार का जम्मू-कश्मीर शाही परिवार से भी रिश्ता
पटियाला शाही परिवार का रिश्ता हिमाचल प्रदेश के बुशहर शाही परिवार से ही नहीं है बल्कि इसका रिश्ता जम्मू-कश्मीर शाही परिवार से भी है। कै. अमरिंदर सिंह के ही दूसरे दोहते और बीबा जयइंदर के बेटे निर्वाण सिंह की शादी जम्मू-कश्मीर शाही परिवार से संबंधित मृगांका सिंह से मार्च 2017 में हुई। मृगांका सिंह के दादा जम्मू कश्मीर शाही परिवार वंशज करण सिंह हैं। करण सिंह सीनियर कांग्रेसी लीडर भी रहे हैं।