एक हाथ में स्मार्टफोन और दूसरे में झुनझुना पकड़ किया कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन
पंजाब की कांग्रेस सरकार द्वारा युवाओं को स्मार्टफोन देने के चुनावी वादे पर कटाक्ष करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने आरती सिनेमा चौक में प्रदर्शन किया।
जासं, लुधियाना। पंजाब की कांग्रेस सरकार द्वारा युवाओं को स्मार्टफोन देने के चुनावी वादे पर कटाक्ष करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने आरती सिनेमा चौक में प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष महेश दत्त शर्मा की अध्यक्षता में हुए इस प्रदर्शन में राहगीरों को कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए झूठे वादों के खिलाफ जागरूक किया गया। कार्यकर्ताओं ने एक हाथ में स्मार्टफोन और दूसरे हाथ में झुनझुना पकड़ लोगों को बताने का प्रयास किया कि पंजाब सरकार के वादे हवाहवाई ही हैं।
इस दौरान सांसद रवनीत सिंह बिट्टू का काफिला भी गुजरा जिसे प्रदर्शनकारियों ने रोकने का प्रयास किया पर वह दूसरी साइड से निकल गए। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष महेश शर्मा ने कहा कि कैप्टन सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया है। विधानसभा चुनाव में वोट हासिल करने के लिए स्मार्टफोन देने का वादा तो किया पर पूरा आज तक नहीं हो पाया। पंजाब के युवाओं को नौकरियां देने का वादा भी खोखला साबित हुआ है। पंजाब के युवा या तो बेरोजगार हैं या फिर विदेश का रुख कर रहे हैं। इस वादाखिलाफी के चलते लोकसभा चुनाव में पंजाब की जनता कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब देगी। शर्मा ने कहा कि भाजयुमो इसी तरह कांग्रेस की पोल जनता के सामने खोलती रहेगी।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष कुषागर कश्यप, अमित नागी, दमन कपूर, अंकित सैनी, ललित चौहान, प्रिंस बब्बर, कुनाल शर्मा, रोबिन चुघ, सूरज रुद्रा, जतिन शर्मा, विजय शर्मा, प्रदीप बिल्ला, हिमांशु नागी, गौरव शर्मा, गौरव अरोड़ा, वरुण सूद, वरिंदर वर्मा, विशु मित्तल, यशप्रीत, प्रभप्रीत, मनीष मग्गू, वरुण गुप्ता, गौरव कलोटा मौजूद रहे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें