Move to Jagran APP

AAP Punjab CM Candidate : भगवंत मान बने पंजाब में आप का सीएम चेहरा, जानिए संगरूर के सांसद का राजनीतिक सफर

AAP Punjab CM Candidate Name सांसद भगवंत मान को आम आदमी पार्टी ने आखिरकार अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर दिया है। मनप्रीत बादल के साथ अपनी राजनीति शुरू करने वाले भगवंत मान ने 2012 के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल के खिलाफ पहली बार चुनाव लड़ा था।

By Vinay KumarEdited By: Published: Tue, 18 Jan 2022 12:34 PM (IST)Updated: Tue, 18 Jan 2022 12:53 PM (IST)
AAP Punjab CM Candidate : भगवंत मान बने पंजाब में आप का सीएम चेहरा, जानिए संगरूर के सांसद का राजनीतिक सफर
केजरीवाल ने भगवंत मान को पंजाब में आप का सीएम फेस घोषित कर दिया है।

संगरूर [सचिन धनजस]। अपने व्यंगों से पंजाब की रानजीति पर कटाक्ष करने वाले सांसद भगवंत मान को आम आदमी पार्टी ने आखिरकार अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर दिया है। पंजाब पीपल्स पार्टी में मनप्रीत बादल के साथ अपनी राजनीति शुरू करने वाले भगवंत मान ने 2012 के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल के खिलाफ पहली बार चुनाव लड़ा था, लेकिन तब वह शिकस्त खा गए थे। मनप्रीत बादल द्वारा कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने अपना अलग रास्ता रखा और 2014 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। 2014 के संसदीय चुनावों में तत्कालीन सांसद विजयइंद्र सिंगला व राज्यसभा सदस्य सुखदेव सिंह ढींडसा के मुकाबले आम आदमी पार्टी का चेहरा बनकर उतरे भगवंत मान ने राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ियों को करारी शिकस्त देकर संसद का सफर तय किया था। 2019 में भी जब पूरे देश में आम आदमी पार्टी का कोई सांसद नहीं जीत पाया था, तब भी सांसद भगवंत मान ने अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को करारी शिकस्त देकर संसद की सीढ़ियां चढ़ी। पिछले लंबे अर्से से भगवंत मान को मुख्यमंत्री का चेहरा ऐलान करने को लेकर पार्टी में तरह तरह की चर्चाएं चल रही थी, लेकिन आखिरकार भगवंत मान को पार्टी ने मुख्यमंत्री का चेहरा आज घोषित कर दिया।

loksabha election banner

विवादों के साथ रहा है मान का रिश्ता

आम आदमी पार्टी में पंजाब के सबसे बड़े चेहरे भगवंत मान का विवादों से भी गहरा रिश्ता रहा है। भगवंत मान के साथ शराब को जोड़कर भी जमकर राजनीति हुई और कई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर चलती रहीं। भगवंत मान की पत्नी इंद्रप्रीत कौर के साथ भी रिश्तों को लेकर काफी सुर्खियों में आए। पत्नी से तलाक को लेकर भगवंत मान काफी परेशान भी रहे हैं। आम आदमी पार्टी में भी मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भगवंत मान लगातार पार्टी पर दबाव बनाते रहे, लेकिन पार्टी द्वारा उन्हें मुख्यमंत्री चेहरा नहीं ऐलाना गया था, लेकिन आखिरकार भगवंत मान पार्टी से अपनी बात मनवाने में कामयाब हुए।

दिग्गजों को दी शिकस्त

2012 में अपनी राजनीति शुरू करने वाले भगवंत मान ने पीपल्स पार्टी पंजाब के बैनर तले लहरागागा में पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन तब भगवंत मान तीसरे नंबर पर आए और उन्हें अकाली दल से भी कम मत हासिल हुए। उपरांत मनप्रीत बादल द्वारा कांग्रेस में चले जाने के बाद भगवंत मान मनप्रीत से अलग हो गए। हालांकि, 2014 में आम आदमी पार्टी ने भगवंत से संपर्क किया और उन्हें संसदीय चुनावों में संगरूर से उतारा। तब भगवंत मान की आंधी ने तत्कालीन सांसद विजयइंद्र सिंगला की तो जमानत ही जब्त करवा दी थी, जबकि राज्यसभा सदस्य सुखदेव सिंह ढींडसा को 2 लाख 11 हजार 721 मतों की करारी शिकस्त देकर पूरे देश में अपनी राजनीति का लोहा मनवाया था। अपने संसदीय कार्यकाल में भी भगवंत मान केंद्र सरकार के लिए हमेशा परेशानी ही बने रहे और लगातार मुद्दे उठाकर पंजाब का लोकप्रिय चेहरा बने। 2019 के चुनाव में भी भगवंत मान को पार्टी ने दोबारा संगरूर से मौका दिया और भगवंत मान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के केवल सिंह ढिल्लों को 1 लाख से ज्यादा मतों से शिकस्त दी।

यह भी पढ़ें-  विशेष मुलाकात में भगवंत मान ने की खुलकर बात, बताया पंजाब को लेकर क्या है आप की रणनीति


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.