मारपीट कर घायल करने के बाद घर के बाहर फेंका
टिब्बा रोड के पुनीत नगर इलाके में रहने वाले युवक पर समराला चौक स्थित गुरु अर्जुन देव नगर में हथियारों से लैस हुए आधा दर्जन लोगों ने हमला कर दिया।
जासं, लुधियाना : टिब्बा रोड के पुनीत नगर इलाके में रहने वाले युवक पर समराला चौक स्थित गुरु अर्जुन देव नगर में हथियारों से लैस हुए आधा दर्जन लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट कर बुरी तरह से घायल करने के बाद हमलावर उसे उसके घर के बाहर फेंक गए। सुबह 4 बजे उसकी मां ने घर का दरवाजा खोला तो उसने बेटे को देख कर शोर मचाया। इसके बाद इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया। पुनीत नगर निवासी अकरम ने बताया कि वो हौजरी में ओवरलाक का काम करता है। मंगलवार शाम 7.30 बजे उसका मित्र मोनू उसके पास आया। उसने कहा उसे ट्रांसपोर्ट नगर में किसी से पैसे लेने हैं। इस लिए वो अपना मोटरसाइकिल निकाल कर उसके साथ चले। अकरम ने मोनू को अपने मोटरसाइकिल पर बैठाया और उसके साथ चल पड़ा। उसका आरोप है कि समराला चौक के पास गुरु अर्जुन देव नगर के बाहर कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। उसी बीच मोनू उसका मोटरसाइकिल लेकर वहां से खिसक गया। उसे इतनी बुरी तरह से पीटा गया कि उसकी टांग टूट गई। सुबह चार बजे उसे जब होश आया तो वो अपने घर के बाहर था। उसका मोटरसाइकिल भी वहीं था। मामले की शिकायत थाना डिवीजन नंबर 7 पुलिस को दी गई है।