ग्लाडा में नौकरी का झांसा दे ठगी मामले का भगोड़ा काबू
ग्लाडा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रिटायर्ड आर्मी मेन से दो लाख रुपये की ठगी करने के भगोड़े आरोपित को पुलिस की पीओ विग टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
जासं, लुधियाना : ग्लाडा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रिटायर्ड आर्मी मेन से दो लाख रुपये की ठगी करने के भगोड़े आरोपित को पुलिस की पीओ विग टीम ने गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर बेअंत जुनेजा ने बताया कि आरोपित की पहचान गांव भामियां निवासी कश्मीरा सिंह के रूप में हुई। थाना हैबोवाल पुलिस ने उसके खिलाफ 2015 में धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया था। इसमें शिव सेना नेता बलजीत जस्सियां को भी नामजद किया था। वो इन दिनों जमानत पर चल रहा है। दोनों ने मिल कर रिटायर्ड आर्मी मेन दर्शन सिंह से उसके बेटे को ग्लाडा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी की थी। बेअंत जुनेजा ने आगे बताया कि आरोपित पेशेवर मुजरिम है। उसके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर छह, थाना माछीवाड़ा, खन्ना और अमृतसर देहाती के थाना मजीठा में कुल पांच केस दर्ज हैं। शुक्रवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर राजपुरा चौक में दबिश देकर उसे काबू कर लिया गया।