Anti smuggling cell ने सतलुज दरिया के किनारे की रेड, भट्ठी चला रहे छह शराब तस्कर भागे
पुलिस की Anti smuggling cell टीम ने गांव रजापुर से सटे सतलुज दरिया के किनारे शराब की अवैध भट्टी पर दबिश दी तो छह तस्कर फरार हो गए।
लुधियाना, जेएनएन। पुलिस की Anti smuggling cell टीम ने गांव रजापुर से सटे सतलुज दरिया के किनारे शराब की अवैध भट्टी पर दबिश दी, तो छह तस्कर फरार हो गए। पुलिस ने सामान कब्जे में लेकर थाना लाडोवाल में आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कराया। आरोपित गांव रजापुर व भोलेवाल जदीद वासी रणजीत सिंह, राजू सिंह, सतनाम सिंह, सतनाम सिंह, जैल सिंह व रूपी सिंह है।
रेड के दौरान बरामद भारी मात्रा में लाहन को दरिया में फेंक दिया। वहीं थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने छह बोतल शराब के साथ व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान न्यू कुलदीप नगर वासी जतिंदर सिंह के रूप में हुई। वीरवार शाम उसे जनता कॉलोनी से काबू किया गया।
खराब सामान देने पर एतराज जताया तो किया हमला
खन्ना। अमलोह रोड स्थित सन्नी एंक्लेव में एक दंपती ने दूसरे दंपती को रास्ते में घेरकर हमला कर दिया। इसमें एक व्यक्ति सचिन विग को काफी चोटें आई हैं। उसे खन्ना के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। अस्पताल में उपचाराधीन सचिन विग ने बताया कि उनकी पत्नी ने सन्नी एंक्लेव कॉलोनी की एक महिला से कुछ सामान मंगवाया था, जो वह ऑनलाइन बेचती है।
सामान खराब आने पर उन्होंने आपत्ति जताई। इस पर पहले वीरवार की रात को उस महिला और उसके पति ने फोन पर उनके साथ झगड़ा किया। शुक्रवार की सचिन अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर कहीं जा रहे थे, तो दंपती ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। उनकी पत्नी को जबरन घर के अंदर ले जाने की कोशिश की। सचिन ने बीच-बचाव किया, तो उसे धक्का मार कर स्कूटी समेत घिरा दिया। इसके बाद हमलावर ने किसी हथियार से उस पर वार किया जो उसके हाथ पर लगा। इससे सचिन के एक हाथ की उंगली टूट गई।