लुधियाना के ऊपर चक्कर काटता रहा यात्रियों से भरा विमान, नहीं मिली लैंडिंग की इजाजत
विमान को मोहाली एयरपोर्ट पर लैंडिंग करवाने की कोशिश भी की गई लेकिन वहां लैंडिंग की अनुमति न मिलने पर उसे वापस यात्रियों सहित दिल्ली लौटना पड़ा।
लुधियाना, जेएनएन। दिल्ली से विमान पर लुधियाना के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों को नहीं पता था कि वह घर जा कर स्वजनों के साथ लोहड़ी मना पाएंगे। हुआ यूं कि दिल्ली से आया विमान लुधियाना के ऊपर चक्कर काटता रहा, लेकिन खराब मौसम लैंड नहीं कर पाया। काफी समय तक लुधियाना के ऊपर चक्कर काटने के बाद विमान के चालक दल ने लुधियाना एयरपोर्ट से संपर्क किया, लेकिन अथॉरिटी ने विजिबिलिटी के कारण लैंडिंग की इजाजत नहीं दी। इसके बाद विमान को मोहाली एयरपोर्ट पर लैंडिंग करवाने की कोशिश की गई लेकिन, वहां भी लैंडिंग की अनुमति न मिलने पर उसे वापस यात्रियों सहित दिल्ली लौटना पड़ा।
साहनेवाल एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार लुधियाना में सोमवार को एयर इंडिया का विमान अपने निर्धारित समय पर बाद दोपहर 3:00 बजे पहुंच गया। सुबह से ही मौसम खराब होने के कारण विजिबिलिटी काफी कम थी। अथॉरिटी के अनुसार लैंडिंग के लिए 1500 मीटर विजिबिलिटी जरूरी होती है, लेकिन सोमवार की दोपहर सिर्फ 300 मीटर ही विजिबिलिटी थी। कुछ देर लुधियाना के आसमान में चक्कर काटने के बाद विमान ने मोहाली एयरपोर्ट अथारिटी से संपर्क किया, ताकि वहां लैंडिंग कर यात्रियों को सड़क मार्ग से लुधियाना भेजा जा सके, लेकिन वहां भी लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। इससे पहले खराब मौसम के कारण मोहाली ने दो विमानों को वापस लौटा दिया था।
ट्रेन सेवा भी रही प्रभावित
सुबह से ही मौसम खराब के कारण लुधियाना पहुंचने वाली रेलगाडिय़ां भी लेट रहीं। वैसे तो लुधियाना आने वाली ज्यादातर ट्रेनें 30-45 मिनट की देरी से पहुंची। लेकिन, सहरसा से चल कर अमृतसर आने वाली 12204 अप गरीब रथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब तीन घंटे की देरी से लुधियाना पहुंची। जबकि कटिहार से आने वाली 15708 अप आम्रपाली एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से डेढ़ घंटा देरी से पहुंची।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें