एशियन गेम्स व वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल पाना लक्ष्य: कमलप्रीत कौर
टोक्यो ओलिंपिक्स में डिस्कस थ्रो में 65 मीटर का आंकड़ा पार करने वाली कमलप्रीत कौर का पूरा फोकस अब एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल हासिल करने पर है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना :
टोक्यो ओलिंपिक्स में डिस्कस थ्रो में 65 मीटर का आंकड़ा पार करने वाली कमलप्रीत कौर का पूरा फोकस अब एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल हासिल करने पर है। ओलिंपिक्स में छठा स्थान पाने वाली कमलप्रीत कौर ने यह बात शनिवार को सराभा नगर के बेलफ्रांस बेकर्स की ओर से आयोजित समारोह के दौरान कही। बेकर्स की ओर से उनके सम्मान में 65 किलोग्राम का विशेष केक तैयार किया गया था। बेकर्स के सतिदर कुकरेजा, हरजिदर कुकरेजा ने कमलप्रीत का स्वागत किया।
कमलप्रीत कौर ने कहा कि कक्षा दसवीं से उन्होंने पहली बार डिस्कस थ्रो खेला था। उस समय इस खेल के बारे में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं थी। धीरे-धीरे रूचि बढ़ती गई और राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खेलने का मौका मिलता गया। खेलों के दौरान क्या खाना है इसकी जानकारी होना बहुत जरूरी है। वह प्रोटीन युक्त आहार लेती हैं। घर में चने, पनीर, दही का ज्यादा सेवन करती हैं। उन्होंने कहा कि वह खुश हैं कि अब युवा खेलों में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। सरकार को भी खेलों को प्रोत्साहित करना चाहिए।
पिता ने हमेशा किया सहयोग :
कमलप्रीत ने कहा कि डिस्कस थ्रो खेलने के बाद भी उसे क्रिकेट खेलने का बहुत शौक था। परिवार के लोगों ने डिस्कस थ्रो को ज्यादा अच्छा बताया। पिता ने उनका पूरा सहयोग किया। प्रैक्टिस के दौरान होस्टल भेजने के लिए मां थोड़ा कतराती थी। अभिभावकों के सहयोग से ही वह आज इस स्थान पर हैं।