आप के दो जिला प्रधानों ने चार दिन में बना दिए खन्ना के दो प्रधान
अमूमन हर राजनीतिक दल के एक विग का एक ही प्रधान होता है लेकिन आम आदमी पार्टी ने खन्ना में ये रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
सचिन आनंद, खन्ना : आम आदमी पार्टी इन दिनों अजीबो-गरीब तरीके से काम कर रही है। अमूमन हर राजनीतिक दल के एक विग का एक ही प्रधान होता है, लेकिन आम आदमी पार्टी ने खन्ना में ये रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आप के यूथ विग के दो जिला प्रधानों ने चार दिनों में खन्ना के दो यूथ विग प्रधानों की अलग-अलग नियुक्ति कर दी। इसे लेकर अब विवाद शुरू हो गया है। पार्टी वर्कर भी असमंजस में हैं कि वे किसे असली प्रधान मानें।
दरअसल, तीन अगस्त को खन्ना के हलका इंचार्ज अनिल दत्त फल्ली ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि जिला यूथ विग प्रधान हरजीत सिंह खरे की मौजदूगी में सौनू जौहर को खन्ना का यूथ विग प्रधान नियुक्त किया गया है। इसके बाद वीरवार को ही एक और प्रेस नोट आप नेता लछमण सिंह ग्रेवाल के हवाले से आया। इसमें जिला प्रधान लखवीर सिंह औजला को बताया गया और घोषणा की गई कि एडवोकेट संजीव सहोता को खन्ना का यूथ विग का प्रधान नियुक्त किया गया है। अब वर्करों में ही इस बात को लेकर असमंजस है कि एक ही पद पर जिला और खन्ना स्तर पर दो प्रधान कैसे हो सकते हैं। इसे लेकर पार्टी के भीतर नया विवाद भी शुरू हो गया है।
जिला प्रधान मै ही हूं : खरे
तीन अगस्त को सोनू जौहर को यूथ विग प्रधान नियुक्त करने वाले हरजीत सिंह खरे ने कहा कि वे ही जिला प्रधान हैं। उन्होंने अपने अधिकार का इस्तेमाल कर सौनू जोहर को फिलहाल जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने अधिकारिक तौर पर नियुक्तियों पर रोक लगा दी है। सोनू का नाम ऊपर भेजा गया है। जल्द ही उनके नाम पर मुहर लगेगी।
मुझे हटाया नहीं गया : औजला
वीरवार को एडवोकेट संजीव सहोता को यूथ विग खन्ना प्रधान नियुक्त करने वाले लखवीर सिंह औजला ने कहा कि हाईकमान से पूछ सकते हैं कि कौैन जिला प्रधान हैं। जिला प्रधान के पद से उन्हें हटाने की कोई सूचना नहीं मिली है। इस कारण वे लगातार पार्टी की मजबूती के लिए अपना काम कर रहे हैं। उन्हें नियुक्ति का अधिकार है।
औजला नहीं, खरे हैं जिला प्रधान : मोही
आप यूथ विग के मालवा-2 जोन के प्रधान अमन मोही ने कहा कि खरे ही जिला प्रधान हैं। औजला पहले जिला प्रधान थे। उनके स्थान पर खरे को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। औजला को मालवा-2 जोन का उपप्रधान नियुक्त किया था। खन्ना में यूथ विग का प्रधान नियुक्त करने का अधिकार केवल हरजीत खरे को ही है।
प्रदेश प्रधान सिद्धू ने नहीं उठाया फोन
इस संबंध में आप यूथ विग के प्रदेश प्रधान मनजिदर सिंह सिद्धू से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। ऐसा दो बार हुआ।