बैंस पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची
लोक इंसाफ पार्टी प्रमुख सिमरजीत सिंह बैंस पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला मंगलवार पीएयू परिसर में पहुंच गई। वहां उसने काफी हंगामा किया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : लोक इंसाफ पार्टी प्रमुख सिमरजीत सिंह बैंस पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला मंगलवार पीएयू परिसर में पहुंच गई। वहां उसने काफी हंगामा किया। उसे पता चला था कि वहां मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह आने वाले हैं। मगर सुबह ही उनके आने का कार्यक्रम रद हो गया। उसे बावजूद महिला पीएयू परिसर में घुसने में सफल हो गई। उसने पुलिस से गुहार लगाई कि उसे राज्य के मंत्रियों से मिलाया जाए। उसने कहा कि वह उनसे पूछना चाहती है कि अगर दुष्कर्म के आरोप में सिमरजीत सिंह बैंस पर केस दर्ज नहीं हो सकता है, तो उसके खिलाफ ही केस दर्ज किया जाए। वहां मौजूद एसीपी वेस्ट गुरप्रीत सिंह व एसीपी वूमेन सेल प्रभजोत कौर उसे समझा कर वहां से ले गए। उसे एडीसीपी हेडक्वार्टर अश्विनी गोटियाल से मिलाया गया। जहां महिला ने आरोप लगाया कि पहले उसे केस वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकियां देकर दवाब बनाया जा रहा था। मगर जब पुलिस ने उसे सुरक्षा प्रदान की तो एक नए सोर्स के जरिए उसे पैसों के का आफर देकर समझौता करने के लिए दवाब बनाया जा रहा है, जिसकी आडियो रिकार्डिग भी उसके पास है। अश्विनी गोटियाल ने बताया कि महिला ने मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रखी है, जिसके चलते उसे समझा दिया गया है कि उसके पास जो भी सबूत हैं, उसे अदालत में पेश किया जाए। जिसके बाद महिला वहां से चली गई। बता दें कि ईशर नगर वासी महिला ने बैंस पर दुष्कर्म का आरोप लगा पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी, जिसकी फिलहाल जांच चल रही है।