कूड़ा बीनने की आड़ में चोरी करने वाले गैंग की महिला सदस्य गिरफ्तार
कूड़ा बीनने के नाम पर फैक्ट्रियों में घात लगाकर चोरी करने वाली गैंग की एक महिला सदस्य को थाना टिब्बा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जासं, लुधियाना : कूड़ा बीनने के नाम पर फैक्ट्रियों में घात लगाकर चोरी करने वाली गैंग की एक महिला सदस्य को थाना टिब्बा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की 20 जैकेट्स बरामद हुई। उसके खिलाफ केस दर्ज कर रविवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन का रिमांड हासिल किया है।
एएसआइ जसपाल सिंह ने बताया कि आरोपित महिला की पहचान मेहरबान के गांव रावत निवासी पूजा पत्नी अजय कुमार के रूप में हुई है। शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपित महिला एक चोर गैंग की सदस्य हैं। यह लोग कूड़ा बीनने का दिखावा करते हैं, मगर उसकी आड़ में फैक्ट्रियों में घुसकर चोरी की वारदात करती हैं। रविवार को भी उसे टिब्बा रोड के माया पुरी इलाके में देखा है। इस आधार पर जब वहां दबिश दी तो उक्त महिला एक बड़ा-सा बोरा उठाए आती नजर आई। उसे रोककर जब उसका बोरा चेक किया तो उसमें से बच्चों की 20 जैकेट्स बरामद हुईं। जसपाल सिंह ने कहा कि अब तक महिला ने यह नहीं बताया कि वो जैकेट्स उसने कहां से चोरी की हैं। रिमांड के दौरान उसके बारे में पता लगाया जाएगा। उसकी बंसो नामक साथी महिला की पुलिस को तलाश है। उसके खिलाफ पहले भी चोरी का एक केस दर्ज है।